जोधपुर. सांचौर थानाधिकारी राजूराम ने तीन दिन पहले चार युवकों को गिरफ्तार कर बुरी तरह पीटा। बेवजह गिरफ्तारी और मारपीट से क्षुब्ध ये युवक ग्रामीणों के साथ बुधवार को आईजी भूपेंद्रकुमार दक के समक्ष पेश हुए और थानाधिकारी को हटाने की मांग की है। सांचौर निवासी भंवरलाल, गणपतलाल, राजूराम और गोपाराम ने आईजी को अपनी चोटों के निशान बताते हुए कहा कि वे चारों किसी की शादी से घर जा रहे थे तब थानाधिकारी ने उन्हें सीआरपीसी की धारा 109 में गिरफ्तार किया और थाने ले जाकर बुरी तरह पीटा।
पुलिस ने चारों युवकों को बीस घंटे तक खाना भी नहीं दिया। ग्रामीणों ने मजिस्ट्रेट से गुहार लगा कर चारों का मेडिकल कराया तो उसमें गंभीर चोटें र्आई। आईजी दक ने ग्रामीणों को कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया है। मुकदमा भी हुआ था एसएचओ के खिलाफ : थानाधिकारी राजूराम पर पहले भी कई आरोप लगे हैं। पिछले साल अगस्त में लक्ष्मणराम ने उसी थाने में एसएचओ व एसआई के खिलाफ उसकी बहन मोहिनी व पिता जोधाराम के अपहरण व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके अलावा एसएचओ ने बॉर्डर बिकने के मामले की जांच कर रहे एसडीएम को जान से मारने की धमकी मिलने के बावजूद सुरक्षा मुहैया नहीं कराने का आरोप है। यह घटना भी पिछले साल मई की है। तत्कालीन एसडीएम मूलाराम ने रिपोर्ट दी कि उसे इस जांच को बंद नहीं करने पर अपहरण की धमकियां मिल रही है। यह रिपोर्ट भी एसएचओ ने तीन माह बाद दर्ज की थी।