इंदौर.
करियर की असली चुनौती 10वीं के बाद ही शुरू होती है। विषय चयन के साथ करियर की डगर का आगाज होता है। आगाज सही हो तो मंजिल तक पहुंचना उतना ही आसान हो जाता है। हालांकि अंकों का इससे बहुत नाता नहीं है। कम अंक लाने वाले भी सही विषय चयन और तैयारी कर बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं।
स्कूल प्रिंसिपल संजय मिश्र कहते हैं 10वीं के बाद स्टूडेंट्स को करियर की दिशा तय करना चाहिए। विषय पर पकड़ और रुचि के लिहाज से सब्जेक्ट चुनकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दें। इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट व मेडिकल के अलावा आधा दर्जन ऐसे क्षेत्र हैं, जिनकी तैयारी 11वीं व12वीं के साथ हो सकती है।
क्षमताओं को आंकें- गुजराती साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ओ.पी.जोशी कहते हैं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी से पहले अपनी क्षमतओं का आकलन करें। इनके आधार पर ही विषय चुनें।
सीमित विकल्पों में न उलझें- करियर काउंसलर जयंतिलाल भंडारी कहते हैं ज्यादातर स्टूडेंट सीमित विकल्पों में ही उलझे रहते हैं। माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, बायोइन्फोर्मेटिक्स ऐसे विषय हैं जिनसे रिसर्च के क्षेत्र में एंट्री पाई जा सकती है। जिन्हें पसंदीदा विषय में कम मार्क्स आए हैं उन्हें डरने की जरूरत नहीं।
इंजीनियरिंग पहली पसंद
पसंदीदा करियर को लेकर सिटी भास्कर ने शहर के 100 अधिक स्टूडेंट का सर्वे किया तो इंजीनियरिंग पहली पसंद बनकर उभरा। जॉब सिक्युरिटी के लिए ज्यादातर स्टूडेंट बीटेक के बाद आईआईएम से एमबीए भी करना चाहते हैं। कामर्स दूसरे व मेडिकल तीसरे स्थान पर रहा। आईआईटी के बाद जॉब मिलने में कोई परेशानी नहीं आती। बीटेक के बाद आईआईएम से एमबीए करना चाहती हूं।
-श्रेष्ठा मूंदड़ा-९६.८
आईआईटी से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करना चाहता हूं। मैनेजमेंट की पढ़ाई करूंगा और बिजनेस के बारे में सोचूंगा।
-हसनैन रंगवाला-९६.४
आईआईटी दिल्ली से सॉफ्टवेयर में इंजीनियरिंग करना चाहती हूं। क्योंकि सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल्स की डिमांड ज्यादा है।
- रशमीत कौर खनूजा-९६.२
मैं मेडिकल में जाना चाहता हूं। पीएमटी की तैयारी में लगा हुआ हूं। इसके बाद जॉब के लिए भटकना नहीं पड़ता।
-अबुजर आसिफ-९६
आईआईटी मुंबई से बीटेक करना चाहता हूं आगे की पढ़ाई के लिए आईआईएम से एमबीए करुंगा।
-हर्षित गुप्ता-९६
मैं कामर्स विथ मैथ्स लेना चाहती हूं क्योंकि मेरा सपना सीए बनने का है। इसके बाद पार्ट टाइम एमबीए करूंगी।
-आयुषी मुंदड़ा-९५
आईआईटी से बीटेक के बाद देशसेवा के लिए राजनीति में आना चाहती हूं। तकनीकि शिक्षित लोग राजनीति में आएंगे तो देश बेहतर होगा।
-सुकृति गुप्ता-९५.६
शुरू करें प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
* स्टूडेंट्स पसंदीदा सब्जेक्ट में 11वीं और 12 वीं के साथ पीईटी, पीएमटी, आईआईटी और एआईईईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं।
* 10 वीं के बाद 11 वीं में मनमाफिक सब्जेक्ट चयन के बाद स्टूडेंट्स पत्रकारिता, रेडियो चैनल और इलेक्ट्रानिक मीडिया में भी करियर की तैयारी कर सकते हैं।