‘ये 11 हजार नहीं 11 लाख वोट से जीत है’
Indore
‘ये 11 हजार नहीं 11 लाख वोट से जीत है’
भास्कर न्यूज Thursday, May 28, 2009 01:31 [IST]  

इंदौर. लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार एक जाजम पर बैठे भाजपा नेताओं ने दिल के गुबार निकालने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी के कम होते जनाधार पर भी चिंता जताई। बैठक में सुमित्रा महाजन ने अपनी जीत को कार्यकर्ताओं की जीत बताते हुए कहा मैं यहां मार्गदर्शन देने नहीं लेने आई हूं।

जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय में बुधवार शाम हुई इस बैठक में सबसे अहम मुद्दा ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी का कम होता जनाधार रहा। लोकसभा चुनाव में ग्रामीण क्षेत्र के प्रभारी रहे कैलाश शर्मा ने कहा हम सांवेर में प्रकाश सोनकर के बाद कोई नया नेता खड़ा नहीं कर पाए। रामसिंह चौहान ने भी उनकी बात का समर्थन किया। श्री शर्मा ने राऊ के विधायक जीतू जिराती तथा प्राधिकरण अध्यक्ष मधु वर्मा की तारीफ करते हुए कहा इनकी सक्रियता से हमें वहां निर्णायक बढ़त मिली।

श्री सत्तन ने कहा कोई कहता है मैं ताई के साथ हूं कोई कहता है मैं भाई के साथ हूं लेकिन यह कोई नहीं कहता कि मैं भाजपाई हूं। उन्होंने कहा दो नंबर में जितना अच्छा जनसंपर्क हुआ उतना अच्छा नतीजा देखने को नही मिला। श्रीमती महाजन ने कहा कार्यकर्ता मुझे फोन करके कह रहे हैं जिन परिस्थितियों में मैं चुनाव जीती हूं उसमें 11 हजार की जीत 11 लाख वोट की जीत मानी जाना चाहिए। उन्होंने साफ कहा मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं है। बैठक में विधायक रमेश मेंदोला, सुदर्शन गुप्ता तथा जीतू जिराती, महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, जिलाध्यक्ष डॉ. रीता उपमन्यू, शंकर लालवानी, माणक सोगानी के साथ ही पार्टी की नगर इकाई के पदाधिकारी भी थे।

अरुण यादव शपथ लेने दिल्ली रवाना

इंदौर xनवनियुक्त राज्यमंत्री अरुण यादव का बुधवार को इंदौर पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। श्री यादव शपथ लेने के लिए रात को दिल्ली रवाना हो गए। बुधवार दोपहर खंडवा से इंदौर पहुंचे श्री यादव के स्वागत के लिए उनके ओल्ड पलासिया स्थित निवास पर कांग्रेसियों का जमावड़ा हो गया था। श्री यादव ने मंत्रिमंडल में स्थान दिए जाने पर प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह तथा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी के प्रति आभार जताते हुए कार्यकर्ताओं से कहा वे उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।

स्वागत और आतिशबाजी

विमानतल पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन व प्रदेश कांग्रेस की महामंत्री अर्चना जायसवाल ने श्री यादव से इंदौर के विकास में मदद देने का आग्रह किया। पूर्व विधायक रामलाल यादव, रमेश यादव उस्ताद, शहर कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश चौकसे व अनिल यादव, ललित गावशिंदे व मुकेश झांझोट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मरीमाता चौराहे पर युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दीपू यादव व अनूप शुक्ला की अगुवाई में श्री यादव का स्वागत किया व जमकर आतिशबाजी की गई।

bookmark
Comments
Amit Chitale
Thursday, 28th May 2009, 14:21
I think BJP has to rethink about the candidate in Indore as per me now public of indore dosnt seems to be convencing by Smt. Sumitra Mahajn's Work but she want to continue her Political career till she sees her Son Mandhar Mahajan on stable Political Stand. Now Indore Needs a Change and Smt. Sumitra Mahajan and her nearby people should think that why her Lead gone down from 1.75 Lacs to 11 Thousand this shows that now public is not sutisfied by the work done by her in Last 5 Years.



अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: