मुरैना. 19 मई 2001 को चेन्नई एक्सप्रेस में बम रखने वाले आरोपी को पुलिस व एटीएस टीम ने दबोच लिया है। आरोपी को मुरैना न्यायालय में पेश कर पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है।
उल्लेखनीय है कि लियाकत एवं रहमान ने मुरैना आकर साहिद, शहीद एवं एसाक उर्फ बबलू निवासी इस्लामपुरा की मदद से बम बनाना शुरू किया। इन बदमाशों ने एक बम चेन्नई एक्सप्रेस ट्रेन में रख दिया जो 19 मई 01 को चेन्नई पुलिस ने बरामद कर लिया था।
विवेचना के दौरान यह ज्ञात हुआ कि बम मुरैना में ही बना था। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की विवेचना की और साक्ष्यों के आधार पर साहिद एवं सईद को गिरफ्तार किया।
इसाक उर्फ बबलू उर्फ सोनू पिता सलीम खां घटना के बाद से फरार चल रहा था। गत रात्रि एटीएस व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने माधवगंज ग्वालियर में एक मकान पर दबिश देकर इशाक को गिरफ्तार कर लिया। इशाक को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया और चार दिन के पीआर पर लिया। पुलिस आरोपी से मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों का पता पूछने का प्रयास कर रही है।