भोपाल. भोपाल शहर में वार्डो का परिसीमन होने से करीब दो दर्जन वार्डो का भौगोलिक क्षेत्रफल और जनसंख्या की स्थिति बदल जाएगी। एक दर्जन बड़े वार्डो का क्षेत्रफल टूटेगा तो एक दर्जन छोटे वार्डो का भौगोलिक दायरा बढ़ जाएगा। इस कारण चार नए वार्ड बढ़ने की अटकलें हैं। इससे सरकारी अफसर भी इनकार नहीं कर रहे हैं। नए परिसीमन के आधार पर ही नवंबर में नगर निगम के चुनाव होंगे।
उधर, कलेक्टर ने नगर-निगम प्रशासन को पत्र लिखकर ये कार्य जल्द पूरा करके अपनी रिपोर्ट पेश करने को कहा है। परिसीमन की कैंची चलने से खासतौर पर उत्तर, मध्य, नरेला और गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड प्रभावित होंगे। नए सिरे से वार्डो का गठन होने पर राजनीतिक दलों को पार्षद पद के लिए प्रत्याशी चयन में स्थानीय स्थिति को ध्यान में रखकर मशक्कत करना पड़ेगी।
परिसीमन की नाप-जोख में कई कालोनियां, मोहल्ले सीधेतौर पर प्रभावित होंगे। इसकी अहम वजह वार्डो की चतुर्थ दिशा तय होना है। परिसीमन में चौराहों, पहाड़ियों समेत नालों की बार्डर लाइन का खासतौर पर ध्यान रखा जाना प्रस्तावित है। इसके चलते नालों, तालाब को क्रॉस करके वार्ड गठित नहीं किए जाने के बारे सरकारी अमला खास सतर्कता बरत रहा है। परिसीमन में आरक्षित वर्ग की औसतन जनसंख्या को लेकर भी सदर मंजिल में कवायद चल रही है। परिसीमन रिपोर्ट तैयार होने पर नगर-निगम इसे कलेक्टर को सौंपेगा।
कलेक्टर रिपोर्ट का परीक्षण कराने के बाद वार्डवार रूप में दावे-आपत्ति बुलाएंगे। दावे-आपत्ति की समय अवधि करीब एक सप्ताह रहने की संभावना है। इसके लिए बकायदा सभी वार्डो में मुनादी भी कराई जाना प्रस्तावित है।
पारदर्शिता हो
कानूनी प्रावधनों के अनुसार वार्डो का गठन होना चाहिए।
-सुनील सूद महापौर
ञ्चपरिसीमन विषय पर 30 मई को पार्टीजनों के साथ परिसीमन पर चर्चा की जाएगी।
- रामदयाल प्रजापति अध्यक्ष नगर-निगम परिषद
शहर के वार्डो के नक्शे बुलवाएं हैं। भौगोलिक एवं आबादी संतुलन को लेकर हम अध्ययन कर रहे हैं।
- आलोक संजर अध्यक्ष, जिला भाजपा
परिसीमन रिपोर्ट आने के बाद दावे-आपत्ति कलेक्टर को पेश करेंगे। परिसीमन में पारदर्शिता होनी चाहिए।
- जहीर अहमद अध्यक्ष, जिला कांग्रेस
प्रक्रिया के अनुसार परिसीमन का काम चल रहा है। इसकी रिपोर्ट कलेक्टर को पेश की जाएगी। इसके उपरांत कलेक्टर दावे-आपत्ति बुलाकर सुनवाई करेंगे। इसके लिए मुनादी भी कराई जाएगी।
- मनीष सिंह आयुक्त, नगर-निगम
नगर-निगम को परिसीमन का काम सौंपा है। उसकी रिपोर्ट आने पर अध्ययन होगा।
-किशोर कन्याल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी