भोपाल.
आने वाले जून माह में शहर के कला और संगीत प्रेमियों को एक साथ तीन पीढ़ियों से रूबरू होने का मौका मिलेगा। यह मौका दे रहा है संस्कृति विभाग, स्वराज संस्थान संचालनालय।
स्वराज संस्थान में उद्घाटित नई स्वराज वीथि में 6 जून को एक छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस छायाचित्र प्रदर्शनी में देश-दुनिया के विख्यात संगीतकार और गायक कुमार गंधर्व के छायाचित्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रदर्शनी में लगभग 50 छायाचित्रों को शामिल किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन कुमार गंधर्व के सुपुत्र और प्रख्यात खयाल गायक मुकुल शिवपुत्र करेंगे। इस अवसर पर एक संगीत सभा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें संगीतकार मुकुल शिवपुत्र के पुत्र भुवनेश खयाल गायकी पेश करेंगे।
संस्कृति संचालनालय के संचालक श्रीराम तिवारी ने बताया कि इस तरह के मौके कम ही मिलते है जब एक साथ तीन पीढ़ियों रूबरू होने का मौका मिले। यह आयोजन अपने आप में अनोखा होगा।