News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati श्रीमाधोपुर.
एक युवक को शादी करना उस समय महंगा पड़ा जब शादी के लिए दो लाख देने पर भी उसे तीन बच्चों की अम्मा से शादी करवा दी और वो भी केवल पंद्रह दिन के लिए। थाना प्रभारी मदनसिंह के अनुसार 40 वर्षीय भगवानाराम पुत्र मूंगाराम जाट निवासी गोठच्या खुर्रमपुरा ने मामला दर्ज कराया है कि उसकी रिश्तेदारी सिंगोद में हैं।
जहां पर मूलचन्द व सुरेश जाट ने बताया कि उनके फूफाजी शादी ब्याह कराने का काम करते हैं जिस पर फूफाजी व अन्य ने अर्जुन व कालू निवासी नयाबास शाहपुरा से संपर्क किया। उन दोनों ने भगवानाराम से शादी कराने के लिए दो लाख रुपए मांगे जिस पर उसने दो लाख रुपए दे दिए। उन्होंने भगवानाराम को दिखाई गई लड़की की जगह इंदौर निवासी तीन बच्चों की मां से शादी बीस मई को करा दी।
जब महिला ने भगवानाराम को अपने आप को पंद्रह दिन की दुल्हन के बारे में बताया तो भगवानाराम पुलिस थाने जा पहुंचा। महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसे अर्जुन व कालू ने 15 दिन दुल्हन बनने के नाम पर 500 रुपए दिए गए तथा नई साड़ियां दिलाई और 20 मई 09 को शाम पांच बजे मंदिर में उसकी शादी भगवानाराम से करा दी।
पुलिस ने बताया कि इंदौर निवासी इस महिला के नौ वर्ष तथा चार वर्ष के दो पुत्र तथा छह साल की एक पुत्री है। उसका पति इंदौर में ही मजदूरी करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी हैं।