Shekhawati Shekhawati सीकर/रींगस.
चोरों की सहालग शुरू हो गई है। दो दिन पहले श्रीमाधोपुर और लक्ष्मणगढ़ में हुई चोरी के बारे में पुलिस अधिकारी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे थे कि चोरों ने रींगस में बड़ा हाथ मार दिया। चोरों ने रात एक चिकित्सक के घर से पांच लाख 67 हजार रुपए नकद और साढ़े तीन किलो चांदी के बर्तन समेट लिए। सुबह डाक्टर साहब की नींद खुली तो वे होश खो बैठे।
मामला कस्बे के वार्ड नंबर 9 का है। यहां खाटूश्यामजी मोड़ पर रहने वाले चिकित्सक डा. एमडी हरितवाल मंगलवार रात अपने घर के निचले हिस्से में बने बेडरूम में सो रहे थे। इसी दौरान चोर रसोई की खिड़की तोड़कर भीतर घुसे। शातिर चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले डाक्टर के कमरे की चिटकनी बाहर से बंद कर दी।
इसके बाद बड़े इत्मिनान के साथ ऊपर के कमरे में रखी अलमारी से पांच लाख 67 हजार दो सौ रुपए नकद, और साढ़े तीन किलो वजन के चांदी के बर्तन, सिक्के समेट ले गए। जाते-जाते चोर कमरों की चिटकनी खोल गए। सुबह जब डाक्टर की नींद खुली तो किचेन की खिड़की टूटी पाकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
जिसपर पुलिस मौके पर पहुंची। सीकर से एफएसएल टीम भी बुला ली गई। एफएसएल टीम ने रसोई की खिड़की, अलमारी और अन्य स्थानों से फिंगर प्रिंट उठाए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। उधर, डाक्टर ने बताया कि उन्होंने पिछले दिनों ही पांच लाख रुपए अपनेभांजे मोहनलाल से लिए थे।
दो अन्य घरों में भी प्रयास
चोरों ने डा. एमडी हरितवाल के घर के पास रहने वाले लालचंद शर्मा और लालचंद राईका के मकान में भी चोरी का प्रयास किया। बताते हैं कि शर्मा के मकान में कुछ नहीं मिलने पर चोर चौक में सब्जियां फैला गए। वहीं, लालचंद राईका के मकान के मुख्य दरवाजे का कुंदा तोड़कर भीतर तो घुस गए, लेकिन जैसे ही बल्ब उतारकर अंधेरा करना चाहा, जाग होने का आभास पाकर चोर उल्टे पांव फरार हो गए।
चोरों ने तोड़े ताले
पलसाना कस्बे में मंगलवार रात को अज्ञात चोरों ने दुकानों व मकानों के ताले तोड़े। जानकारी के अनुसार पोस्ट आफिस के पास किशन पुत्र किस्तूर चंद गोयल के मकान के मेन गेट का कूंदा तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसी तरह राजपूती वस्त्र भंडार का भी ताला तोड़ा लेकिन सेंटर लोक होने से अंदर प्रवेश नहीं कर पाए।
राधाकिशनपुरा के घर में अज्ञात चारों ने प्रवेश कर सामान का इधर-उधर बिखेर दिया। जाते समय कुछ सामान व 800 रुपए ले गए। इससे पहले चोरों ने सुरक्षा कि दृष्टि से जिस कमरे में राधाकिशन व बच्चें सो रहे थे उसके बाहर कुंदा लगा दिया। राधा किशन सुबह उठा तो गेट बंद मिला। घटना की सूचना मिलने पर एएसआई मदन लाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
स्टालों पर ताले टूटे
चला कस्बे के मुख्य चौराहे पर स्थित स्टालों के मंगलवार रात्रि ताले टूटने से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। रतन लाल शर्मा के नेतृत्व में स्टाल मालिकों ने नीमकाथाना पुलिस को सूचना दी। ताले टूटने से भयभीत व्यापारी वर्ग ने रात्रि में पुलिस गश्त लगाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार मुख्य चौराहे स्थित चार स्टालों के मंगलवार रात अज्ञात लोगों ने ताले तोड़ दिए, लेकिन स्टाल में खाली होने की वजह से कोई नुकसान नहीं हुआ। सुबह स्टाल मालिकों ने ताले टूटे देखा तो हड़कंप मच गया।