जयपुर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में विज्ञान और वाणिज्य वर्ग में इस बार प्रथम श्रेणी प्राप्त करने वाले साढ़े 33 हजार विद्यार्थी बढ़े हैं। सीबीएसई बारहवीं का परिणाम भी 0.60 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 86.93 फीसदी रहने से राजस्थान विश्वविद्यालय के लिए परेशानी खड़ी हो गई है।
कॉलेजों में एक जून से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। इस बार विवि से जुड़े सरकारी कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम कट ऑफ मॉर्क्स भी पिछले साल के मुकाबले बढ़ने के आसार है। विद्यार्थियों का मानना है कि वर्तमान सीटों की संख्या के लिहाज से देखा जाए तो ज्यादातर संकायों में अंतिम कट ऑफ मॉर्क्स 75 फीसदी के आसपास रहने की संभावना है। राजस्थान विश्वविद्यालय प्रशासन ने पिछले साल छात्रों की मांग को देखते हुए सीटों की संख्या में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। लेकिन इस बार बारहवीं का परिणाम एक साथ बढ़ने से विश्वविद्यालय प्रशासन पर सीटों की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी का दबाव रहेगा। कॉलेज शिक्षा के लिए विद्यार्थियों की पहली पसंद जयपुर रहता है। इस कारण जयपुर के सरकारी कॉलेजों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ेगी। विवि के अधिकारियों ने अभी से इस विषय पर सोचना शुरू कर दिया है।
विश्वविद्यालय के प्रशासनिक सचिव प्रो. नवीन माथुर ने कहा कि एक जून से शुरू होने वाली प्रवेश प्रक्रिया के बाद प्रवेश के लिए आने वाले विद्यार्थियों की संख्या का अवलोकन किया जाएगा। इसके बाद बैठक कर छात्रहित में कदम उठाया जाएगा।