उदयपुर. कोटड़ा में चार महीने का बिल जमा नहीं कराने पर बिजली कनेक्शन काटने पर उपभोक्ता ने कार्यालय में घुसकर इंजीनियर की पिटाई कर डाली। अभियुक्त फरार है। गोधलेरी, थाना कैथुन (कोटा) हाल कोटड़ा में नियुक्त अजमेर विद्युत निगम के जेईन गिरीराज पुत्र रामचरण मेहर ने कोटड़ा निवासी गुलाम हुसैन पुत्र अब्दुल अब्बासी के खिलाफ जातिगत गालीगलौच कर अपमानित करने और मारपीट कर राज्य कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया।
रिपोर्ट के अनुसार गुलाम हुसैन का चार माह का बिजली का 2815 रुपए बकाया था। सोमवार को विभाग के कर्मचारी हुसैन के निवास पर गए और बिल जमा कराने को कहा। अगले दिन भी बिल जमा नहीं कराने पर मंगलवार को कनेक्शन काट दिया गया। इसके बाद आरोपी गुलाम ने कार्यालय में जाकर इंजीनियर से मारपीट कर दी।