उदयपुर. मौताणो की बकाया राशि को लेकर फलासिया क्षेत्र के सोनकला गांव में मंगलवार रात आधा दर्जन व्यक्तियों ने एक केलुपोश मकान को फूंक दिया। आग पर काबू किया जाए, तब तक तीन कमरे, 35 हजार नकदी और खाद्य सामग्री सहित हजारों का माल राख हो गया। इससे पूर्व मकान में मौजूद लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई।
पुलिस के अनुसार सोनकला निवासी खातू पुत्र नानका दामा के घर में यह वारदात हुई। खातू के पुत्र पर आरोप है कि उसने गत 14 जनवरी को गांव के ही सुरता पुत्र मंगला दामा के भाई की हत्या कर दी थी। इसके बाद मौताणो के विवाद पर डेढ़ लाख में समझौता हुआ। इसमें से 35 हजार रुपए खातू की ओर से दे दिए गए जबकि शेष रुपयों का बंदोबस्त नहीं हो पाया।
इसे लेकर सुरता व खातू के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में सूरता व पांच अन्य व्यक्ति शराब के नशे में मंगलवार रात घास के पुले लेकर खातू के घर में घुस गए। आरोपियों ने मकान के चारों तरफ आग लगा दी और फरार हो गए। कुछ ही देर में पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया। इससे तीन कमरे और उनमें रखा उक्त सामान जलकर राख हो गया।
खातू व उसके परिजनों ने जैसे-तैसे भाग कर अपनी जान बचाई। देर रात बात ही आग पर काबू पाया जा सका। पूरा केलूपोश मकान ही धराशायी हो चुका था। इस घटना की सूचना खातू ने बुधवार सुबह पुलिस को दी। पुलिस ने सुरता पुत्र मंगला सहित छह जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।