उदयपुर. रेल अधिकारियों की मनमर्जी का परिणाम 25 मई की चेटक एक्सप्रेस के यात्रियों को भुगतना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने सोमवार को यह ट्रेन रद्द करने की घोषणा के छह घंटे बाद चलवा दी। रेवाड़ी स्टेशन पर इंटर लॉकिंग सिस्टम शिफ्ट करने के कारण रेल अधिकारियों ने 25 मई को दिल्ली सराय रोहिल्ला जाने वाली चेटक एक्सप्रेस रद्द करने का निर्णय किया था।
अधिकारियों ने उस दिन के सभी टिकट कैंसल कर यात्रियों को पूरी राशि लौटाने के आदेश दे दिए थे। यात्रियों ने उदयपुर सिटी व राणाप्रताप नगर स्टेशनों पर टिकट वापस कर रिफंड ले लिया था। ट्रेन चलने के समय शाम 5.15 बजे बाद अजमेर मंडल मुख्यालय से आदेश मिला कि चेटक एक्सप्रेस रद्द नहीं की जाएगी। अपने तय समय से 5 घंटे 45 मिनट लेट रात 11 बजे रवाना की जाएगी। ट्रेन रात 11 बजे रवाना की गई जिसमें सवारियां नहीं थी। सभी आरक्षण धारी रिफंड ले चुके थे।
जानबूझकर कोई भी निर्णय नहीं लिए जाते। तकनीकी कारणों से निर्णय बदलने पड़ते हैं। -अजय शुक्ला, मुख्य परिसंचालन प्रबंधक