कोटा. उद्योग नगर क्षेत्र के रायपुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को वारदात में शामिल मुख्य अभियुक्त के भाई को गिरफ्तार कर लिया। वह सेना में जवान है और भांजी की शादी में भाग लेने के लिए छुट्टी लेकर घर आया था। रायपुरा गांव में 3 बीघा जमीन के मालिकाना हक को लेकर 24 मई को गणोश सोनी व घनश्याम तलाइचा गुट के बीच खूनी संघर्ष हुआ था।
जिसमें गणोश की मौत हो गई थी, उसका लड़का नरेन्द्र व दूसरे गुट का घनश्याम भी घायल हो गया था। मामले की जांच कर रहे डीएसपी आदर्श चौधरी के अनुसार इस हत्याकांड में मुख्य अभियुक्त घनश्याम तलाइचा, उसका छोटा भाई सत्यनारायण तलाइचा व भतीजे मनोज को नामजद किया गया था। इनमें से बुधवार को सत्यनारायण को गिरफ्तार कर लिया गया। सत्यनारायण सेना में जवान है और इलाहाबाद में तैनात है।
उसकी भांजी की शादी के लिए वह छुट्टी पर कोटा आया था। घनश्याम व सत्यनारायण का मकान पास-पास है। रविवार को जब गणोश सोनी व घनश्याम के बीच झगड़ा हो रहा था, तो वह घर पर ही था। बड़े भाई पर हमला होता देख वह भी लड़ाई में शामिल हो गया। भतीजे मनोज की भूमिका के बारे में पूछताछ की जा रही है, जबकि घनश्याम महाराव भीमसिंह चिकित्सालय में भर्ती है, जिसकी निगरानी की जा रही है। अस्पताल से छुट्टी होने के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तीन दिन के रिमांड पर
पुलिस ने सत्यनारायण को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से पूछताछ के लिए उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। पुलिस उससे वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में तथा वारदात में प्रयुक्त लाठियां बरामद करने के लिए पूछताछ करेगी।
सीआई की भूमिका की जांच
इस हत्याकांड में गणोश सोनी के परिवारजनों व स्थानीय लोगों ने उद्योग नगर सीआई विजय शंकर शर्मा पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को चक्का जाम किया था। एएसपी लक्ष्मण गौड़ के अनुसार सीआई पर लगे आरोपों की जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।