बूंदी. नेशनल हाइवे 12 पर तालाबगांव के पास बुधवार शाम दो जीपों की भिडं़त में पांच जने घायल हो गए। उनमें से चार को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पांचवें को प्रारंभिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक जीप देवली की ओर से सवारियां भरकर ला रही थी। कोटा की ओर से आ रही लग्जरी जीप तालाबगांव के पास पहुंची तो दोनों में भिडं़त हो गई।
घटना के बाद लग्जरी जीप चालक एवं उसमें लोग फरार हो गए। सवारी जीप में बैठे दो महिलाओं, दो पुरुष व एक किशोर को घायल अवस्था में बूंदी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में आए आउटडोर के घायल रिहाणा निवासी रामस्वरूप पुत्र हजारा ने बताया कि मैं सथूर से बूंदी आने के लिए बैठा था। अपने गांव रिहाणा जाता। घटना के बाद अब यहां हूं।
सर्जीकल वार्ड में भर्ती 22 वर्षीय नीतू पत्नी सत्यनारायण ने बताया कि अपने भाई गोलू के साथ जीप में बैठकर बूंदी आ रही थी। किसी कार्यक्रम में कोटा जाना था। यह घटना हो गई। इसी घटना में कोटा महावीर कॉलोनी निवासी आशा पत्नी जयराम, खेरूणा निवासी श्योजी पुत्र फूंदा भी घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। आशा बसोली से कोटा जाने के लिए जीप में सवार हुई थी।
बूंदी आकर उसे बस पकड़नी थी। वहीं श्योजी को अपने गांव जाना था। सूचना मिलते ही एसपी ऑफिस में क्राइम मीटिंग में आए हिंडौली सीआई राजेश माथुर अस्पताल पहुंचे और घायलों के पर्चा बयान लिए। पर्चा बयान के आधार पर रात को पुलिस ने मामला दर्ज किया।
तालाबगांव कस्बे से जुड़े नेशनल हाइवे पर अचानक दो जीपों की भिडं़त होते ही आवाज सुनकर कई लोग जीपों के पास पहुंचे। इनमें देवली की ओर से आ रही सवारी जीप में बैठे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला और उनमें से घायल नजर आ रहे लोगों को बूंदी भेजने की व्यवस्था की। साथ ही साथ हिंडौली पुलिस को घटना की सूचना दी।