News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. रायपुर से 15 किमी दूर शदाणी दरबार के पास बुधवार सुबह ट्रक और डंपर के बीच जबरदस्त टक्कर में सीआरपीएफ के तीन जवानों की मौत हो गई। घायलों को एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
हथियारों से लैस जवान नक्सली मोर्चे पर लड़ने के लिए रसद सामग्री के साथ बस्तर जा रहे थे। मृतक एसएस नागराजू (23) गुंटूर आंध्रप्रदेश, नागरे गजानन (27) बुल्ढ़ाना महाराष्ट्र और सुरेश चामुजी (25) बगवकोट कर्नाटक, 139 बटालियन जी कंपनी नागपुर के ग्रुप के जवान थे। मंगलवार शाम को 70 जवानों की टुकड़ी श्रीनगर से यहां पहुंची थी। उन्हें शदाणी दरबार में ठहराया गया था।
आज सुबह 6 बजे 10 चक्के के ट्रक (सीजी17जीए1980) में सवार डेढ़ दर्जन से ज्यादा जवान बस्तर में तैनाती के लिए निकले थे। थोड़ी ही दूरी पर छोटी रेलवे क्रासिंग के पास विपरीत दिशा से आ रहे डंपर (सीजी04जेबी2847) ने ट्रक के पिछले हिस्से में टक्कर मारी। चालक ने जैसे-तैसे ट्रक को पलटने बचाया पर नागराजू छिटककर नीचे गिरे। उनकी वहीं पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल गजानन ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
सुरेश की एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान सांसें थम गईं। घायलों में नूर साहब की हालत नाजुक बनी हुई है। डंपर का चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। जवानों ने पीछा करके खलासी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। हादसे की वजह से काफी देर तक हाईवे पर अफरातफरी मची रही।