News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. सड़क चलती महिलाओं का पर्स लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, इनमें एक इंजीनियरिंग का छात्र है। पकड़े गए युवकों से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया गया है। शहर में लूट की ताबड़तोड़ वारदातों के बाद पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए मुखबिर तैनात किए थे।
इस बीच एडीशनल एसपी मनोहर सिंह वर्मा को लूट करने वालों की मोटरसाइकिल और हुलिए के बारे में मालूम चल गया। उन्होंने सीएसपी ग्वालियर राजेश मिश्रा एवं सीएसपी मुरार राजेश दण्डौतिया को इनका सुराग लगाने की जिम्मेदारी दी। दोनों ने टीआई विश्वविद्यालय रामानंद शर्मा, पड़ाव टीआई देवेन्द्र सिंह कुशवाह और झांसी रोड टीआई सुरेश सिंह की मदद से सिल्वर कलर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों की तलाश को अभियान छेड़ा।
तलाशी के दौरान मनीष शर्मा निवासी मांढरे की माता के पास व मोनू कुशवाह निवासी कटोराताल पुलिस के हाथ लग गए। पूछताछ के दौरान इन दोनों युवकों ने बताया कि उन्होंने 12 मई को पटेल नगर, 13 मई को बलवंत नगर गांधी रोड पर महिलाओं से पर्स लूटे थे, इसके अलावा 16 मई को इन बदमाशों ने तानसेन नगर रोड पर मोबाइल लूटा था।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से पटेल नगर में लूटा गया मोबाइल फोन, 4400 रुपए, गांधी रोड तथा पड़ाव से लूटा मोबाइल बरामद कर लिया। लूट की वारदातों में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 07 केजी 3108 भी पुलिस ने बरामद कर ली है। सीएसपी मुरार श्री दण्डौतिया के अनुसार, मनीष शर्मा निजी इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र है।
आपस में बेईमानी
सीएसपी के अनुसार, पूछताछ में पता चला है कि लूट के आरोपियों में एक मोटरसाइकिल चलाता था तथा दूसरा झपट्टा मारकर बैग छीनता था। इनमें जो युवक बैग छीनता था, वह मोटरसाइकिल चलाने वाले को बताए बिना लूटे गए बैग में से चुपचाप रुपए निकाल लेता था और मोटरसाइकिल चला रहे साथी को लूटी गई रकम से कम बताता था।
बिना योजना बनाए कर देते थे वारदात
पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि वे पहले से लूट की योजना नहीं बनाते थे। जैसे ही उन्हें सड़क पर कोई ऐसा व्यक्ति दिखाई देता था, वे वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। बताते हैं दोनों युवक संपन्न घरों के हैं।
मनीष के पिता रिटायर्ड सरकारी अधिकारी हैं जबकि मोनू कुशवाह का भाई एक राजनीतिक दल के नेता का करीबी है। युवकों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई सिफारिशों का भी सामना करना पड़ा।
चेन स्नेचिंग करते लुटेरे पकड़े
पुरानी छावनी थानाक्षेत्र में एबी रोड पर एक महिला के गले पर झपट्टा मारकर चेन छीन रहे बदमाशों को जनता की सजगता से पकड़ लिया गया। पुलिस ने इनके खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीएसपी ग्वालियर सर्कल राजेश मिश्रा के अनुसार, अन्नो निवासी नयागांव बामौर बुधवार की शाम को अपने पति रूपसिंह के साथ मोटरसाइकिल से बामौर जा रही थी, इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उससे चेन छीनने का प्रयास किया। बदमाश अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके लेकिन पति-पत्नी हड़बड़ाहट में गिर पड़े।
सड़क पर गिरे दंपति का मोबाइल फोन बदमाश उठा ले गए। घटना देख रहे कुछ साहसी युवकों ने बदमाशों का पीछा किया और गंगा मालनपुर गांव में इन्हें दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवकों के नाम वीरु और राजेन्द्र निवासी सबलगढ़ तथा किलेदार जाटव निवासी पुरानी छावनी बताए गये हैं।