ग्वालियर.
बेखौफ बदमाशों ने बुधवार की दोपहर एक सीनियर सिटीजन को बंधक बनाकर चार लाख रुपए का माल लूट लिया। घटना माधौगंज थानाक्षेत्र की संत कंवरराम कॉलोनी की है। पुलिस ने हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश की लेकिन सुराग नहीं मिला। महेन्द्र कुमार जैन (70) माधौगंज थानाक्षेत्र में धान मिल के पीछे स्थित संत कंवरराम कॉलोनी में अकेले रहते हैं।
बुधवार की दोपहर वे खाना खाकर सो गए थे, जब उनकी आंख खुली तो तीन बदमाश उनके सामने खड़े थे और कमरे का जायजा ले रहे थे। वृद्ध महेन्द्र जैन के जागने पर बदमाशों ने इनके साथ मारपीट करते हुए हाथ-पैर बांध दिए। बदमाश इसके बाद घर में रखे छब्बीस हजार रुपए, पांच अंगूठियां, एक सोने की चेन और तीन किलो चांदी सहित चार लाख रुपए का माल ले गए।
यह है हुलिया
बदमाशों में दो युवकों ने मुंह तौलिया से ढंक रखा था जबकि एक का मुंह खुला हुआ था। इस युवक का रंग गोरा था, सफेद शर्ट, नीला पेंट तथा कत्थई रंग के जूते पहने हुए था। बोलचाल से ये तीनों स्थानीय निवासी ही लग रहे थे।
सात महीने पहले ही ग्वालियर आए थे
महेन्द्र जैन दिल्ली में कैरोसिन का व्यापार करते थे। सात महीने पहले वहां स्थित मकान 23 लाख रुपए में बेचकर ग्वालियर आ गए। यहां उनका एक बेटा राकेश जैन गोला का मंदिर में रहता है, कुछ दिन तो वे बेटे के यहां रहे, पर मन नहीं लगा तो संत कंवरराम कॉलोनी में सात लाख रुपए में मकान खरीदकर यहीं रहने लगे।
शंका के दायरे में करीबी
प्रारंभिक पड़ताल के बाद पुलिस ने महेन्द्र जैन के एक करीबी को शंका के दायरे में लिया है। इस करीबी से लेनदेन को लेकर श्री जैन का दो-तीन दिन पहले विवाद हुआ था। पुलिस ने इस करीबी को घटना के बाद उसके घर पर तलाश भी करवाया लेकिन वह नहीं मिला।
दरवाजा था कमजोर
बदमाशों ने श्री जैन के घर के मुख्य द्वार की कुंदी को बाहर से हाथ डालकर भी खोला। इसके बाद घर में घुस गए।