जगाधरी (यमुनानगर). नेशनल हाइवे-73 पर जाम लगाने, आगजनी व तोड़फोड़ के आरोप में पुलिस ने 51 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 27 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन्हें बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से एक को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
इसके अलावा 24 को अम्बाला जेल और दो को सोनीपत जेल भेजा गया है। जगाधरी थाना प्रभारी जोगिंद्र सिंह की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया।
आरोप है कि इन लोगों ने मंगलवार को नेशनल हाइवे जाम कर दिया और जगह-जगह लकड़ियों में आग लगा दी। इन्हें जहां भी कोई वाहन मिला, उसमें तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने दुकानों को भी निशाना बनाया और स्कूली छात्राओं से अश्लील हरकत की। रोकने का प्रयास करने पर पुलिस पर जानलेवा हमला किया।
पुलिस ने इन सभी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने, सरकारी और गैर सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, लड़कियों से अश्लील हरकत करने व कानून भंग करने के आरोप में भादंसं की धारा 48, 149, 332, 353, 341, 427, 186, 435, 307, 452, 294 व 34 के तहत मामला दर्ज किया है।