नई दिल्ली। मुंबई पर हुए २६/११ के आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के भीतर तक जोरदार हवाई हमला करना वायुसेना के विकल्पों में शामिल था। यह खुलासा 30 मई को सेवानिवृत्त हो रहे एयर चीफ मार्शल फली होमी मेजर ने किया है।
मेजर दो साल से वायुसेना प्रमुख पद पर पदस्थ थे। मेजर ने बताया कि मुंबई में हुई आतंकी कार्रवाई के बाद भारत के पास कई विकल्प थे और वायुसेना के पास पाक पर हमला करने के लिए जरूरी खुफिया जानकारी मौजूद थी। वे यहां बुधवार को एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
चीन से फिलहाल तनाव नहीं : चीन की बढ़ती सैन्य क्षमताओं के बारे में भारत की अनभिज्ञता पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों देशों के बीच कोई तनाव नहीं है। भारत के पास हमले की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि 126 युद्धक विमानों की खरीद के संबंध में सेना की ओर से रक्षा मंत्रालय को तकनीकी रपट भेजी जा चुकी है। मंजूरी मिलने के दो माह के भीतर प्रतियोगी विमानों के परीक्षण (फील्ड ट्रायल) शुरू हो जाएंगे। गौरतलब है कि यह भारतीय सैन्य इतिहास का सबसे बड़ा सौदा है। इसकी लागत 1.1 बिलियन अमेरिकी डॉलर आंकी जा रही है।