शिमला। एचपीयू सहित प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में विकलांगों को 3 फीसदी आरक्षण मिलेगा। यह जानकारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने दी। वह एचपीयू में सोसायटी फॉर बुधवार को डिसएबिलिटी एंड रिहेबिलिटेशन स्टडी और उड़ान संस्था की ओर से आयोजित विकलांगों के शिक्षा संबंधी अधिकार विषय पर बोल रही थीं। सरवीण चौधरी ने कहा कि मूक-बधिर और दृष्टिबाधित बच्चों को शिक्षा सुविधा प्रदान करने के लिए एक संस्थान सुंदरनगर में चलाया जा रहा है।
प्रदेश में जल्द ही ब्रेल लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। एचपीयू के रजिस्ट्रार रतन सिंह ने कहा कि यूनिवर्सिटी में विकलांग छात्रों को प्राथमिकता के आधार पर एडमिशन दिया जा रहा है।
इससे पहले संस्था के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में अपनी तरह का यह पहला प्रयास है। कार्यशाला में प्रदेश विशेष ओलंपिक्स की अध्यक्ष मल्लिका नड्डा, एचपीयू एससीए अध्यक्ष शिखा चौहान, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक सुभाषीश पांडा, उप निदेशक प्रभा राजीव, उड़ान की अध्यक्ष ललिता राणा, दृष्टिहीन जन संगठन के अध्यक्ष शोभू राम के अतिरिक्त एबीवीपी, एनएसयूआई और एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इसके अलावा कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।