Chandigarh
पंजाब और हरियाणा में शांति की ओर मुड़े कदम
Bhaskar News Thursday, May 28, 2009 12:31 [IST]  

चंडीगढ़/जालंधर/पानीपत। विएना में डेरा सचखंड बल्लां के दो संतों और उनके श्रद्धालुओं पर रविवार को हुए हमले के बाद पंजाब और हरियाणा में पनपा जनाक्रोश बुधवार को धीरे-धीरे थमता नजर आया। पंजाब के जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर और फगवाड़ा में दिन का कर्फ्यू हटा लिया गया है। इन शहरों में रात का कर्फ्यू एहतियात के तौर पर अगले निर्देशों तक जारी रहेगा।

यह भी खबर मिली है कि संत रामानंद का पार्थिव शरीर शुक्रवार को पंजाब लाया जा सकता है। जालंधर में डिवीजनल कमिश्नर एसआर लद्दड़ ने बताया कि तेजी से सामान्य होते हालात के मद्देनजर सेना को भी वापस भेज दिया गया है।

पड़ोसी राज्य हरियाणा में रेल सेवाएं तो शुरू हो र्गई मगर पंजाब जाने वाली बसें सड़कों से गायब रहीं। कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल और अंबाला में आईटीबीपी के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। नेशनल हाईवे-73 पर जाम लगाने, आगजनी आदि के आरोप में पुलिस ने 51 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और 27 लोगों को गिरफ्तार किया है।

टकराव टला: पंजाब के नवांशहर में प्रशासनिक अधिकारियों ने सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर अमन मार्च निकाला। कपूरथला में बंद के विरोध में उतरे लोगों और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव होते-होते बचा।

ट्रेन सेवाएं बहाल: पंजाब में ट्रेन यातायात शुरू कर दिया गया है तथा हाईवे पर भी दिनभर सामान्य रूप से यातायात चला, लेकिन बस सेवा अभी तक बहाल नहीं हो सकी है।

‘प्रकाश सिंह बादल नीत पंजाब की सरकार करोड़ों रुपए के नुकसान के लिए जिम्मेदार है और उसे सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है।’- परमजीत सिंह सरना, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रमुख (नई दिल्ली में)

आतंकी साजिश: विएना के गुरुद्वारे में हुई गोलीबारी के पांच हमलावरों को पूर्व आतंकियों के रूप में पहचाना गया है। संकेत मिले हैं कि उनके पंजाब में संबंध हैं। खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से उनके जुड़े रहने के बारे में विरोधाभासी रिपोर्ट्स मिल रही हैं। इस बीच अमृतसर में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने विएना में हुई घटना को आतंकी साजिश करार दिया है।

उन्होंने खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स पर भारत विरोधी तत्वों से साठगांठ तथा देश की शांति भंग करने की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने विएना की घटना में घायल संत निरंजन दास के जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए स्वर्णमंदिर में रखे गए अखंड पाठ के मौके पर इस आशय के विचार जताए। स्वर्णमंदिर में मुख्यमंत्री तथा उनके बेटे व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने राज्य में अमन व सामान्य स्थिति बहाली के लिए अरदास भी की।

Bookmark and Share
Comments
Anmol singh
Tuesday, 23rd Jun 2009, 15:33
chandigarh may metro rail chalni chahiye jise ki traffic kam ho aur pollution bhi na ho hume chandigarh ko clean aur green banana hai hum kadam authayenge jabhi kaam hoga nahi to wo samay dur nahi ki chandigarh may population aur polution bahut hoga



अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: