बिलासपुर. छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वाइन फ्लू और बर्ड फ्लू के वायरस के संक्रमण के इलाज के लिए दुनिया में उपलब्ध एकमात्र एलोपैथिक दवा ओसेलटामिविर फास्फेट (टैमीफ्लू) की बिक्री मेडिकल स्टोर्स में किए जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
अब इसका वितरण केवल स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। सिम्स और जिला अस्पताल में वायरल फीवर के मरीजों को अलग वार्ड में रखने की व्यवस्था की गई है साथ ही गंभीर मरीजों की रिपोर्ट को जांच के लिए 24 घंटे में दिल्ली पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है।
स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए टैमीफ्लू टेबलेट के अंधाधुंध उपयोग से इसके वायरस एच-1, एन-1 और एच-5 व एन-1 पर दवाई का प्रभाव समाप्त होने का खतरे देखते हुए भारत सरकार ने दवा की खुली बिक्री पर रोक लगा दी है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के पास टैमीफ्लू टेबलेट का पर्याप्त भंडारण है। छत्तीसगढ़ में अब तक स्वाइन फ्लू का कोई प्रकरण सामने नहीं आया है।
सीएमओ डा. सुरेंद्र पामभोई ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को ऐसे मामलों में तुरंत स्वास्थ्य विभाग में खबर करने को कहा गया है। बीमारी के इलाज से संबंधित सारी व्यवस्थाएं सिम्स में की गई है। सिम्स अधीक्षक डा. आरआर तिवारी ने बताया कि स्वाइन फ्लू बीमारी के इलाज के लिए टीम गठित की गई है। इसके प्रभारी चेस्ट रोग विशेषज्ञ डा. एम भारद्वाज बनाए गए हैं।
वायरल फीवर के मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाया गया है, साथ ही मरीजों की जांच व इलाज से संबंधित सभी साधन अपडेट किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में एंटी बायोटिक दवाइयों की व्यवस्था की गई है। टैमी फ्लू की जरूरत होने पर स्वास्थ विभाग को तुरंत सूचना दी जाएगी।
हालांकि अभी तक छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का मरीज नहीं मिला है, लेकिन मरीजों में स्वाइन या बर्ड फ्लू संबंधित लक्षण होने पर उनकी रिपोर्ट को जांच के लिए 24 घंटे में दिल्ली पहुंचाने की व्यवस्था की भी गई है। जिला अस्पताल प्रभारी सिविल सर्जन अमर सिंह ठाकुर ने बताया कि स्वाइन फ्लू व बर्ड फ्लू वायरल फीवर के अंतर्गत ही आते हैं, इसलिए वायरल फीवर के केस मिलने पर इसे गंभीरता से लिए जा रहा है, चूंकि अस्पताल में इलाज के कई साधनों का अभाव है। गंभीर मरीजों को सिम्स रिफर कर दिया जाता है।
रायपुर में कंट्रोल रूम
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आपात परिस्थितियों में समुचित जानकारी और आवश्यक सहायता के लिए रायपुर के संचालनालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसका नंबर 0771-2220011 है। नियंत्रण कक्ष सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक खुला रहेगा।