असिन को बॉलीवुड में आए जुम्मा-जुम्मा चार दिन ही हुए हैं, पर उनके इश्क़ की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वैसे, दूसरी हीरोइनों की तरह असिन भी सफ़ाई देती हैं कि यह तो सिर्फ़ दोस्ती ही है, दुनिया ने इसे अफेयर का नाम दे दिया है..
पिछले दिनों मुंबई में एक बच्चे को बचाने के चक्कर में ‘गजिनी’ फेम असिन की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें उनके एक हाथ में चोट लगी थी, पर उन्होंने इसकी परवाह न करते हुए सबसे पहले बच्चे को उसके घर तक पहुंचाया और बाद में अपने फ्रैक्चर का इलाज कराने गईं। एक ताज़ा मुलाक़ात में असिन ने अपनी ताज़ी गतिविधियों के बारे में बहुत कुछ बताया। पेश हैं, मुख्य अंश:
* आप साउथ की बजाय मुंबई में ज्यादा दिखाई पड़ रही हैं!
‘गजिनी’ के बाद बॉलीवुड की कुछ फिल्में मुझे ऑफर हुई हैं। इसी सिलसिले में मुंबई अब कुछ ज्यादा आना-जाना हो रहा है।
* मगर आप यहां तो सिर्फ़ एक फिल्म ‘लंदन ड्रीम्स’ कर रही हैं!
हां, लेकिन दूसरी कई फिल्मों के लिए बात चल रही है। ‘लंदन ड्रीम्स’ की शूटिंग भी लगभग पूरी हो चुकी है, इसलिए मैं कुछ और फिल्में साइन करना चाहती हूं। थोड़ा इंतज़ार कीजिए, जल्द ही मेरी दो नई फिल्मों की घोषणा होगी।
* लेकिन आपकी अंग्रेज़ी फिल्म ‘19 स्टेप्स’ की शूटिंग पहले शुरू होगी, है न?
मेरी प्लानिंग एकदम ठीक है। जुलाई में इस भारत बाला प्रोडक्शन फिल्म की शूटिंग शुरू करके सितंबर तक ख़त्म कर दूंगी। अक्टूबर में अपनी हिंदी फिल्मों की शूटिंग आराम से शुरू कर सकूंगी।
* आप काफ़ी योजनाबद्ध ढंग से काम करती हैं!
साउथ की फिल्मों में काम करेंगे, तो यह अनुशासन आप में ख़ुद-ब-ख़ुद आ जाएगा। ‘दशावतारम’ के लिए कमल हासन के साथ मेरा जो शॉट नौ बजकर पांच मिनट पर शुरू होने वाला होता था, उसके लिए मैं 10 मिनट पहले ही मेकअप वगैरह करके तैयार हो जाती थी।
* पर हाथ में चोट की वजह से आपकी प्लानिंग कुछ गड़बड़ा गई होगी?
हाथ तो अब ठीक होने को है। पहले मैंने यह तय कर रखा था कि ‘लंदन ड्रीम्स’ की शूटिंग पूरी कर, केरल के अपने फार्म हाउस पर एक हफ्ते की छुट्टी के मजे लूंगी। उसके बाद कालीकट में फिल्म ‘19 स्टेप्स’ के लिए पूरे दो माह कलारीपय्यम के प्रोफेशनल गुरु से इस मार्शल आर्ट की विशेष ट्रेनिंग लूंगी। वह प्रोग्राम थोड़ा गड़बड़ा गया है।
* अक्षय के साथ ‘दे दनादन’ में आपकी जगह कैटरीना आ गई हैं?
यह ख़बर मैंने भी कहीं पढ़ी थी। इस तरह का कोई ऑफर मुझे कभी मिला ही नहीं था। वैसे, ‘दे दनादन’ के निर्देशक प्रियन के साथ साउथ की फिल्म मैं कर चुकी हूं।
* कहा जा रहा है कि ‘लंदन ड्रीम्स’ के हीरो सलमान आप पर कुछ ज्यादा मेहरबान हैं!
सलमान के साथ मेरी पहचान इसी फिल्म के सेट पर हुई। मैंने इतना बिंदास नेचर बहुत कम लोगों में देखा है। उनके इस नेचर के चलते ही कोई भी उन्हें अच्छा दोस्त समझ सकता है। मेरी और उनकी दोस्ती को तो अब अफेयर का नाम भी दे दिया गया है। इसका जिक्र करके हम दोनों ख़ूब हंसते हैं। प्लीज, अभी मुझे ऐसी बातों से थोड़ा दूर रखिए।
* दीपिका पादुकोण आपकी बहुत अच्छी दोस्त बताई जा रही हैं!
हम दोनों साउथ से आए हैं। इस वजह से हम दोनों में दोस्ती हो गई। वैसे, यह बात ग़लत है कि मॉडलिंग के दिनों से ही हम एक-दूसरे को अच्छी तरह से जानते थे।
* दीपिका की तरह आप भी पापा की बेटी हैं?
पापा की बेटी होना कोई ग़लत बात नहीं है। कुछ लोगों को यह बात भले ही खटके, पर मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि फिल्मी फंक्शन या शूटिंग में पापा को अपने साथ रखूं।
* अभी एक अख़बार के ब्लाग में आपने कुदरत को लेकर काफ़ी कुछ लिखा है..
मैं हरियाली से भरपूर राज्य केरल से आई हूं। इसलिए हरियाली को लेकर मेरे दिमाग़ में अच्छे विचार उभरते हैं। मुझे पूरा यकीन है कि हम अपने आसपास के नेचर का जितना ख़्याल रखेंगे, हमारी ज़िंदगी उतनी ही ख़ूबसूरत बनती चली जाएगी।
* अच्छा, यह बताइए कि कभी आपको अपनी लोकप्रियता से परेशानी भी होती है?
कई ऐसे मौक़े होते हैं, जब मैं लोगों से सीधे जुड़ना चाहती हूं, मगर भीड़ देखकर घबरा जाती हूं। आखिर एक व्यक्ति एक व़क्त में इतने सारे लोगों को कैसे आटोग्रॉफ दे सकता है! कई बार मैं ठेले में सजी चाट-पकौड़ी का आनंद लेना चाहती हूं, पर आसपास की भीड़ से घबराकर मन में ही यह बात दब कर रह जाती है।