सेलिब्रिटी पॉप सिंगर माइकल जैक्सन के बेटे प्रिंस माइकल और बेटी पेरिस के चेहरे को पहली बार देखा गया। वे अपने पिता के साथ लॉस एंजिलिस के रिकॉर्डिंग स्टूडियो आए थे। उनकी इस फोटो के लिए फोटोग्राफरों को कई बरसों से इंतजार था।
पॉप सिंगर माइकल जैक्सन के बेटे प्रिंस (12) और बेटी पेरिस (11) के चेहरे को पहली बार देखा गया। बच्चों के फीचर्स अपनी मां डेबी रोव की तरह हैं। इससे पहले वे मास्क पहनकर ही घर से बाहर निकलते थे। माइकल जैक्सन की अपार लोकप्रियता के कारण उन्हें ऐसा करना पड़ता था ताकि उनकी पहचान सार्वजनिक न हो जाए। लॉस एंजिलिस के रिकॉर्डिंग स्टूडियो में फोटोग्राफरों को उनकी ऐसी तस्वीरें लेने का मौका मिला।
जैक्सन भले ही विवादों और परेशानियों से घिरे हों, लेकिन उनकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है। उनके बच्चों को फोटोग्राफरों से बचने के लिए हमेशा सुरक्षाकर्मियों के बीच चेहरे पर मास्क लगाकर ही निकलना पड़ता था। कुछ दिन पहले माइकल ने बच्चों के साथ शॉपिंग भी की थी। इस समय भी बच्चे पूरे समय मास्क पहने रहे।
फैन और मीडिया को देख कर बच्चों ने पहना मास्क
जैक्सन को उम्मीद नहीं थी कि स्टूडियो में फोटोग्राफरों और उनके फैन्स से उनका सामना हो सकता है। स्टूडियो में जाते समय तो उनके बच्चों ने मास्क नहीं पहना था, लेकिन करीब दो घंटे बाद जब वे बाहर निकले तो उन्होंने गुलाबी पंखों वाला मास्क चेहरे पर लगा लिया था।
दौरे की तैयारी में हैं जैक्सन
माइकल जैक्सन 13 जुलाई से शुरू होने वाले ब्रिटेन के दौरे की तैयारियों में जुटे हुए हैं। हालांकि वे अपना कार्यक्रम एक बार हफ्ते भर के लिए आगे बढ़ा चुके हैं। इसके लिए उन्होंने काफी तैयारी की है। अपने डांस स्टेप्स से वे फैन्स को चकित कर देना चाहते हैं।
मां की तरह लगते हैं पेरिस और प्रिंस
जैक्सन के साथ रह रहे पेरिस और प्रिंस के फीचर्स उनकी मां डेबी रोव की तरह हैं। दोनों के बाल भूरे रंग है और त्वचा का रंग गोरा है। माइकल ने डेबी के साथ 1996 में शादी की थी। मार्टिन बशीर को 2003 में दिए विवादित इंटरव्यू में माइकल ने कहा था कि तीसरे बेटे ब्लैंकेट के लिए मैंने सेरोगेट मदर की सेवाएं लीं थी जबकि अन्य दो बच्चों का जन्म मेरे स्पर्म सेल्स के जरिए हुआ।
स्टूडियो में पहुंचे रिकॉर्डिंग देखने
माइकल जैक्सन के साथ प्रिंस और पेरिस लॉस एंजिलिस के स्टूडियो में रिकॉर्डिंग प्रक्रिया को देखने के लिए पहुंचे थे। उनके साथ उनका छोटा भाई प्रिंस माइकल-2 नहीं था। माइकल-2 को ब्लैंकेट के नाम से भी जाना जाता है। बच्चों के साथ हाई स्कूल म्यूजिक डायरेक्टर केनी ओरटेगा भी थे। केनी माइकल जैक्सन के ब्रिटिश दौरे के क्रिएटिव डायरेक्टर भी हैं।
धूप से बचने के लिए लगाया छाता
माइकल जैक्सन धूप से बचने के लिए छाता लगाए हुए थे। माइकल को धूप से एलर्जी है। कास्मेटिक और प्लास्टिक सर्जरी के कारण उनकी त्वचा बेहद संवेदनशील हो चुकी है। डाक्टरों ने माइकल को सीधे धूप और धूल भरे वातावरण से बचने की सलाह दी है। बीच में ऐसी खबरें थी कि माइकल जैक्सन को स्किन कैंसर हो गया है। हालांकि बाद में उनके डाक्टर ने इसे कोरी अफवाह बताया था।