राइमा सेन अपनी पहली फिल्म के निर्देशक विनय शुक्ला के साथ ‘मिर्च’ फिल्म करने जा रही हैं। इस फिल्म में उनके साथ कोंकणा सेन शर्मा और शहाना गोस्वामी भी होंगी, जिनके साथ काम करने को लेकर वह खासी उत्साहित हैं।
राइमा सेन लगभग एक दशक बाद अपनी पहली फिल्म ‘गॉडमदर’ के निर्देशक विनय शुक्ला के साथ काम करने जा रही हैं, जो ‘मिर्च’ फिल्म का निर्देशन करेंगे। गौरतलब है कि विनय की बतौर निर्देशक पिछली फिल्म ‘कोई मेरे दिल से पूछे’ वर्ष 2002 में आई थी। अब उनकी इस फिल्म में राइमा के अलावा दो अन्य बंगाली बालाएं क्रमश: कोंकणा सेन शर्मा और शहाना गोस्वामी भी नजर आएंगी। एक सूत्र के मुताबिक फिल्म में महिला केंद्रित चार लघु कथाओं का समावेश किया गया है, जिनमें से दो में राइमा नजर आएंगी। इनमें उनका साथ श्रेयस तलपड़े और राजपाल यादव देंगे।
इस बारे में राइमा का कहना है, ‘विनय के साथ काम करना बेहद सुखद अनुभूति होगी। फिल्म के अन्य सभी कलाकारों के साथ भी एक समन्वय स्थापित है, अत: शूटिंग करने में और भी आनंद आएगा।’ फिल्म से जुड़े सूत्र के मुताबिक राइमा ‘मिर्च’ फिल्म को पुराने साथियों से मेल-मुलाकात के माध्यम के तौर पर ले रही हैं।
दूसरी तरफ विनय ने सात साल पहले फिल्म का निर्देशन किया था, इसलिए उनके लिए भी यह फिल्म काफी खास हो गई है।