फिल्म ‘जाने तू या जाने न’ फेम जेनेलिया अब एक करोड़ रुपए प्रति फिल्म पारिश्रमिक मांगने लगी हैं। चर्चा है कि इस भारी-भरकम राशि पर उन्हें निर्माता साइन भी कर रहे हैं।
फिल्म ‘जाने तू या जाने न’ की नायिका जेनेलिया डिसूजा अब निर्माताओं से एक करोड़ रुपए पारिश्रमिक मांग रही हैं। इसका मतलब यही हुआ कि दुनिया भले ही आथिर्क मंदी की चपेट में हो, पर उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। इंडस्ट्री में इस बात की चर्चा है कि एक नई अभिनेत्री द्वारा इतनी बड़ी राशि की मांग कहां तक और कितनी जायज है! इसके पहले जेनेलिया प्रति फिल्म 70 लाख रुपए लेती थीं।
गौर करने वाली बात यह है कि चूंकि जेनेलिया की लोकप्रियता इन दिनों चरम पर है, अत: निर्माता उन्हें यह राशि देने को राजी भी हो गए हैं। हालांकि उनके करीबी सूत्र इसे कोरी अफवाह बता रहे हैं। उनका कहना है कि जेनेलिया ने कभी इतनी अधिक राशि की मांग नहीं की है और वह अपने अनुभव और अभिनय क्षमता के आधार पर ही पैसे लेती हैं। इस संदर्भ में हम सिर्फ यही कह सकते हैं कि सच्चई तो जेनेलिया ही बता सकती हैं।