पेरिस. विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खिताबी सूखा खत्म करते हुए रविवार को रोलां गैरां का ताज अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका के पीट सेम्प्रास के 14 ग्रैंडस्लैम खिताब (पुरुष सिंगल्स) के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली। फेडरर ने पुरुष सिंगल्स फाइनल में 23वीं वरीयता प्राप्त स्वीडन के रॉबिन सोडरलिंग को 6-1, 7-6(7-1),6-4 से शिकस्त दी।
पिछले तीन साल से यहां के लाल बजरी पर खिताबी मुकाबला गंवा रहे ‘स्विस किंग’ फेडरर ने सोडरलिंग के खिलाफ बेहद आक्रामक शुरुआत की। मैच में कुल 16 ‘एस’ लगाने वाले फेडरर ने पहला सेट सिर्फ 23 मिनट में जीत लिया। दूसरी तरफ पिछले तीन मुकाबलों में फर्र्नाडो गोंजालेज, निकोल डेविडेंको और राफेल नडाल को धूल चटाने वाले सोडरलिंग फाइनल में बेरंग दिखे। हालांकि, उन्होंने दूसरे सेट में संघर्षपूर्ण खेल दिखाया और इसे टाइब्रेकर तक खींचने में कामयाब रहे।
लेकिन अंतत: बाजी फेडरर के हाथ लगी। 27 वर्षीय स्विस खिलाड़ी ने टाइब्रेकर में सोडरलिंग (24) को टिकने का कोई मौका नहीं दिया और इसे 7-1 से जीत लिया। मैच का तीसरा सेट भी रोमांचक रहा, जिसे फेडरर ने 43 मिनट में 6-4 से जीता। खिताबी मुकाबला एक घंटा 55 मिनट तक चला।



