बोनी कपूर इन दिनों बेहद खुश हैं, क्योंकि अगर सब कुछ ठीक रहा तो उनकी एक के बाद एक लगातार तीन फिल्में दर्शकों के सामने होंगी। शुरुआत अगस्त माह में सलमान खान और आयशा टाकिया अभिनीत फिल्म ‘वांटेड’ से होगी, जिसके बाद ‘इट्स माय लाइफ’ और ‘मिलेंगे-मिलेंगे’ प्रदर्शित होंगी।
बोनी कपूर के साथ जैसा संयोग घटित होने जा रहा है, वैसा संयोग हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में बहुत कम ही देखने को मिलता है। उनकी एक साथ तीन फिल्में एक के बाद एक प्रदर्शित होने जा रही हैं। सलमान खान और आयशा टाकिया अभिनीत ‘वांटेड’ अगस्त में प्रदर्शित होने जा रही हैं। गौरतलब है कि इस फिल्म से अभिनेता और ख्यात डांसर प्रभुदेवा बतौर निर्देशक अपनी पारी शुरू करेंगे।
इसके बाद अनीस बज्मी की ‘इट्स माय लाइफ’ और सतीश कौशिक की ‘मिलेंगे-मिलेंगे’ क्रमश: सितंबर और अक्टूबर माह में प्रदर्शित होगी। ‘इट्स माय लाइफ’ मूलत: पारिवारिक ड्रामा है, जिसमें हरमन बावेजा और जेनेलिया डिसूजा काम कर रहे हैं तो सतीश कौशिक निर्देशित ‘मिलेंगे-मिलेंगे’ में शाहिद कपूर और करीना कपूर की जोड़ी एक बार फिर रुपहले परदे पर पेश होगी। उम्मीद की जा सकती है कि बोनी कैंप के लिए उक्त तीन फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ‘नो एंट्री’ सरीखा इतिहास रचने में सफल रहेंगी।