स्वाइन फ्लू के खिलाफ राज्यों में होगी मोर्चाबंदी
National
स्वाइन फ्लू के खिलाफ राज्यों में होगी मोर्चाबंदी
भास्कर नेटवर्क. Tuesday, June 09, 2009 11:44 [IST]  

नई दिल्ली। देश में स्वाइन फ्लू के फैलाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने 16 प्रयोगशालाओं को इसकी जांच के लिए सक्रिय करने और राज्यों में डॉक्टरों के त्वरित कार्यवाही बल की तैनाती का फैसला किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को यहां अपने मंत्रालय के आला अधिकारियों की बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए पहले ही कई उपाय किए गए हैं।

इनमें 21 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर अमेरिका, मेक्सिको, कनाडा और दुबई से आने वाले यात्रियों की जांच का काम भी शामिल है।’ आजाद ने कहा कि बीमारी के व्यापक फैलाव की आशंका को देखते हुए संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए 16 अन्य प्रयोगशालाओं को सक्रिय करने का फैसला किया गया है। ये दिल्ली व पुणो में स्थापित प्रयोगशालाओं के अलावा होंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि दो मामलों में स्वाइन फ्लू का संक्रमण इंसानों से फैला है। इसे देखते हुए प्रयोगशालाओं को इस बीमारी के वायरस एच1एन1 की जांच के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके लिए तकनीशियनों और डॉक्टरों को एक हफ्ते के भीतर प्रशिक्षित कर दिया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्रालय के पास स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए 25 प्रशिक्षित डॉक्टरों की एक टीम है, जो बारी-बारी से राज्यों में डॉक्टरों की टीम को प्रशिक्षित करेगी।

अब तक 10 मामले : आजाद ने बताया कि देशभर में स्वाइन फ्लू के अब तक 10 मामलों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बीमारी से प्रभावित देशों में यात्रियों को जाने से रोकने के लिए नए सिरे से सलाह जारी करने का निश्चय किया है।

इस बीच, हैदराबाद के चेस्ट हॉस्पिटल में इलाज करवा रहे स्वाइन फ्लू के छह मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है। इनमें से एक मरीज को इस हफ्ते छुट्टी मिल सकती है। आंध्रप्रदेश में अभी तक स्वाइन फ्लू के सात मामलों की पुष्टि हुई है।

निकारागुआ में छह नए मामले

मानागुआ। लैटिन अमेरिकी देश निकारागुआ में स्वाइन फ्लू के छह नए मामले सामने आए हैं। इन्हें मिलाकर देश में इस बीमारी के मरीजों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। अर्ज्ेटीना में 13, उरुग्वे में तीन और पेरू में 12 नए मामले सामने आए हैं।


Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: