चर्चा है कि बंगाली बाला बिपाशा बसु सुदीप्तो चट्टोपाध्याय की वेश्यावृत्ति पर आधारित फिल्म ‘सोनागाछी’ में केंद्रीय किरदार निभाने को तैयार हो गई हैं। फिल्म में वह यौन शोषण का शिकार एक बच्चे की परवरिश करती नजर आएंगी।
ऐसा प्रतीत होता है कि बिपाशा बसु ने फिल्म ‘पंख’ के निर्देशक सुदीप्तो चट्टोपाध्याय पर गहरा प्रभाव छोड़ा है। संभवत: इसीलिए वह बिपाशा को अपनी अगली फिल्म में केंद्रीय भूमिका के लिए फिर साइन करना चाहते हैं। इस फिल्म की कहानी भी ‘पंख’ की ही तरह बोल्ड है। अगर सब ठीक रहा तो बिप्स सुदीप्तो की इस फिल्म में वेश्या का किरदार निभाते नजर आएंगी।
गौरतलब है कि फिल्म ‘पंख’ का कथानक भी बेहद बोल्ड है, जिसके तहत एक लड़का फिल्म इंडस्ट्री में प्रवेश करने के लिए लड़की का रूप धरता है। कुछ समय बाद वह इस कारण पहचान के संकट से जूझने लगता है और निराशा के कारण ड्रग्स का सेवन करने लगता है।
अब ‘सोनागाछी’ शीर्षक से बनने वाली सुदीप्तो की नई फिल्म से जुड़े सुत्र के मुताबिक, ‘बिप्स से सुदीप्तो खासे प्रभावित हैं और इसीलिए उन्होंने बिपाशा को इस फिल्म में वेश्या का किरदार ऑफर किया है। फिल्म में बिप्स शारीरिक और मानसिक स्तर पर यौन उत्पीड़ित बच्चे की परवरिश करती नजर आएंगी। फिलहाल उन्होंने मौखिक तौर पर अपनी रजामंदी दे दी है, लेकिन कागजी औपचारिकताएं अभी बाकी हैं।’
इसकी पुष्टि करते हुए फिल्म के निर्देशिक सुदीप्तो कहते हैं, ‘यह सच है कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की एक नामचीन कलाकार ‘सोनागाछी’ की केंद्रीय भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में वेश्यावृत्ति और उसके तमाम अन्य पहलुओं समेत वहां आकार लेते मानवीय संबंधों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।’ अगर आप सोच रहे हैं फिल्म की यूएसपी बिपाशा बसु ही हैं, तो जरा सांस ले लें। सुदीप्तो ने वेश्यावृत्ति में लिप्त कुछ लड़कियों को फिल्म में अभिनय करने के लिए राजी कर लिया है। कह सकते हैं कि उनकी यह फिल्म प्रयोगधर्मी होगी, जिसमें सच्चई के अंश अपने पूरे प्रभाव के साथ सामने होंगे।