अदालती चक्करों से निजात पाने के बाद मोनिका बेदी गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाओं से जुड़े एलबम ‘एक ओंकार’ में अपनी आवाज देंगी। उन्हें लगता है कि इससे उन्हें आध्यात्मिक शांति मिलेगी और इस तरह वह ऊपर वाले का शुक्रिया भी अदा कर सकेंगी।
कहा जाता है कि जो भी होता है अच्छे के लिए ही होता है। सलाखों के पीछे रहते हुए मोनिका बेदी ने जो अनुभव हासिल किया है, वह अब उनके काम आने वाला है। गौरतलब है कि जेल में रहने के दौरान मोनिका का झुकाव धर्म-अध्यात्म की ओर हुआ था। अब वह असल जिंदगी में ‘एक ओंकार’ नाम से धार्मिक एलबम निकालने जा रही है, जिसमें गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाएं होंगी।
वह बताती हैं, ‘मैं किसी भी लिहाज से गायिका नहीं हूं, लेकिन इस एलबम के लिए बहुत सुरीला होना जरूरी नहीं है। अत: मैंने इसे करने के लिए रजामंदी दे दी। इसकी एक प्रमुख वजह यह भी है कि इससे मुझे आध्यात्मिक आनंद और संतोष की भी प्राप्ति होगी।’
गौरतलब है कि अदालती मामलों से छुटकारा पाने के बाद मोनिका बेदी ने टीवी शो ‘बिग बॉस’ से ग्लैमर जगत में वापसी की। इसके बाद हाल-फिलहाल उन्हें कुछ फिल्मों के ऑफर मिले हैं, लेकिन उन्हें अभी धमाकेदार वापसी का इंतजार है। वह बताती हैं, ‘मैं दो फिल्में कर रही हूं, लेकिन एक बड़े ब्रेक का इंतजार है।’
अगर फिल्मों के बड़े ऑफर नहीं आते हैं, तो क्या वह छोटे परदे पर अभिनय के लिए तैयार हैं? इस प्रश्न पर वह कहती हैं, ‘मुझे नहीं लगता है कि मैं छोटे परदे पर अभिनय के लिए तैयार हूं।’ मोनिका शिद्दत से एक बड़े ब्रेक के लिए हाथ-पांव मार रही हैं और इसी के साथ अपनी जिंदगी को सरल भी बनाती जा रही हैं। हाल में उन्होंने अपने बॉडीगार्डस को बाय-बाय कह दिया है। इस बारे में उनका कहना है, ‘अब मुझे उनकी जरूरत नहीं है। मैं स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हूं।’