फ्रूट ब्रेड पुडिंग
सामग्री
केक ब्रेड - 1 छोटा पैकेट
मैरी बिस्किट - 1 पैकेट
कंडेंस्ड मिल्क - आधा कप ठ्ठ दूध -आधा कप
सेब - एक मध्यम आकार का, पतले स्लाइस कटवा लें।
केला - एक मध्यम आकार का,गोल पतले स्लाइस कटवा लें।
अंगूर - आधा कप
विधि - कंडेस्ड मिल्क और दूध को मिलाकर एकसार करें। एक चौरस शीशे के बोल में इस मिश्रण का एक बड़ा चम्मच डालकर सतह को एकसार करें। इस पर केक ब्रेड के टुकड़े बिछाएं। उसके ऊपर मैरी बिस्किट के टुकड़े हाथ से तोड़कर डाल दें।
इसके ऊपर फिर से दूध-कंडेंस्ड मिल्क का मिश्रण डालकर अच्छी तरह एकसार फैला दें। उसके ऊपर कटे हुए फल बिछा दें। फिर केक ब्रेड के टुकड़े और बचे फल बिछाएं। बीच में एक मैरी बिस्किट रख दें। अब बचा मिश्रण पुडिंग पर ठीक से फैला दें। फ्रिज में एक घंटा ढंककर रख दें। आपकी फ्रूट ब्रेड पुडिंग तैयार है।
नोट - आप अपनी सुविधानुसार कोई भी मौसमी फल इस्तेमाल कर सकते हैं। यदि इनमें से कोई फल उपलब्ध न हो, तो भी चलेगा।
दालमोठ ब्रेड सैंडविच
सामग्री
ताजी ब्रेड - 6 स्लाइस
मक्खन - 100 ग्राम
दालमोठ - आधी कटोरी
टमाटर - 4, स्लाइस मम्मी से कटवा लें।
खीरा - 1 मध्यम आकार का, पतले स्लाइस कटवा लें।
हरी चटनी - आधी कटोरी
टमाटर सॉस - आधी कटोरी
विधि
ब्रेड के किनारे हटा दें और सभी स्लाइस पर अच्छी तरह मक्खन लगाएं। अब तीन स्लाइस लें और मक्खन के ऊपर चटनी लगाएं। बाकी बचे तीन मक्खन लगे ब्रेड पीस के ऊपर सॉस लगा दें।
हरी चटनी लगे ब्रेड पीस के ऊपर दालमोठ फैला दें और उसके ऊपर टमाटर- खीरे की स्लाइस रखकर टमाटर सॉस वाली स्लाइस से ढक दें। चाहे ऐसे ही खाएं अथवा तिरछा काट लें। बढ़िया दालमोठ ब्रेड सैंडविच तैयार है।