भले ही करीना के लिए सैफ़ अली ख़ान ‘बहुत ख़ास’ हैं, पर फिल्म इंडस्ट्री के अन्य तीनों ख़ान हीरो से भी उनकी अच्छी जमती है। करीना साफ़ कहती हैं कि सलमान का कोई जवाब नहीं। यही नहीं, वे लगे हाथ यह भी बता देती हैं कि सल्लू उनके दिल के क़रीब हैं..
करीना, सैफ़ से शादी कब करेंगी, इस सवाल के सामने अब भी एक बड़ा सवालिया निशान लगा हुआ है। करीना बॉयफ्रेंड सैफ़ की चर्चा से यथासंभव बचने की कोशिश करती हैं, पर उनकी तारीफ़ के साथ ही वे यह कहना भी नहीं भूलतीं कि अपने लिए जिस ‘मिस्टर राइट’ की कल्पना उन्होंने कर रखी थी, सैफ़ उस कसौटी पर बिल्कुल खरा उतरे हैं। इन दिनों करण जौहर की रेंसिल डिसिल्वा निर्देशित फिल्म ‘कुर्बान’ के अलावा सैफ़ के होम प्रोडक्शन की फिल्म ‘एजेंट विनोद’ में भी दोनों साथ काम कर रहे हैं। अभी हाल में उन्होंने सलमान के टीवी शो में आकर ख़ूब समां बांधा। एक ताज़ा मुलाक़ात में उन्होंने माना कि किसी भी ख़ान हीरो के आग्रह को टालना उनके लिए बड़ा मुश्किल होता है। इस बातचीत के दौरान उन्होंने और भी बहुत कुछ कहा। पेश हैं, उसके चुनिंदा अंश:
* इस साल के अंत तक आपकी कई फिल्में रिलीज़ होंगी..
- ‘कंबख्त इश्क़’ और ‘मैं और मिसेज़ खन्ना’ तो ज़रूर रिलीज़ होंगी। ‘थ्री इडियट्स’ के बारे में कुछ पक्का नहीं बता पा रही हूं। मल्टीप्लेक्स-निर्माता विवाद और मंदी की वजह से बहुत उलटफेर हो गया है। ‘कंब,त इश्क़’ की रिलीज़ डेट तो काफ़ी खिसक गई है। इतनी बड़ी फिल्म है, तो रिलीज़ का समय भी सही होना चाहिए।
* आप तो अब फिल्म के प्रोडक्शन और रिलीज़ डेट में भी रुचि दिखलाने लगी हैं!
- मैं फिल्मी परिवार की लड़की हूं। फिल्म प्रोडक्शन की दो अहम बातों- हिट और फ्लॉप से अच्छी तरह से वाकिफ हूं। किसी फिल्म के चलने से लोगों में जो उत्साह भर जाता है, वह मुझे बहुत पसंद है, भले ही मैं उस फिल्म में काम करूं या न करूं।
* क्या इसी कारण आपने सै़फ़ की होम प्रोडक्शन फिल्मों में दिलचस्पी शुरू की है?
- आप नोट कर लीजिए, सैफ़ बहुत अच्छे प्रोड्यूसर के रूप में सामने आएगा। उसने जिस तरह से ‘लव आज कल’ को पूरा किया, मैं तो प्रोडक्शन में उसकी समझ को देखकर दंग रह गई हूं। जबकि यह उसके प्रोडक्शन की पहली ही फिल्म है। मैं तो सिर्फ़ उसकी मदद के लिए सामने आई हूं। फिर फिल्म प्रोडक्शन में मेरा व्यक्तिगत अनुभव भी इन वर्षो में दोगुना हो गया है। उसका लाभ सैफ़ के प्रोडक्शन को क्यों न मिले!
* पर इस वजह से आपकी दूसरी फिल्मों की शूटिंग प्रभावित नहीं हो रही है?
- मेरे फिल्मी कैरियर में अभी तक कभी ऐसा नहीं हुआ है कि मेरी किसी एक फिल्म की वजह से दूसरी फिल्म की शूटिंग प्रभावित हुई हो। असल में, मैं एक व़क्त में एक फिल्म को लेकर ही बिज़ी रहना चाहती हूं। रेंसिल डिसिल्वा की फिल्म लगभग पूरी हो चुकी है, इसलिए अब सैफ़ के होम प्रोडक्शन की ‘एजेंट विनोद’ की शूटिंग शुरू कर दी है।
* इस वजह से आपने सुधीर मिश्र की ‘ध्रुव’ की शूटिंग को काफी आगे बढ़ा दिया है?
- यह तो चलता रहता है, बाद में सब कुछ एड्जस्ट हो जाता है यार! कुछ कारणों से सैफ़ की ‘लव आज कल’ की रिलीज़ डेट आगे बढ़ गई, जिस वजह से उनकी दूसरी फिल्म ‘एजेंट विनोद’ का शूटिंग शेड्यूल भी कुछ गड़बड़ा गया। मैंने ‘ध्रुव’ की शूटिंग की डेट्स इसके बाद की दे रखी हैं।
* क्या आप फ़रहान के विशेष आग्रह पर यह फिल्म कर रही हैं?
- फ़रहान अख्तर मेरा बहुत अच्छा दोस्त है। ‘रॉक ऑन’ के बाद मैं उसके साथ एक फिल्म करना चाहती थी, मगर सबसे बड़ी वजह सुधीर जी हैं। ‘चमेली’ के बाद उनके साथ फिर काम करने का मौक़ा मिल रहा है। यह रोल काफ़ी दमदार है। मैं इसमें एक राजनीतिज्ञ बनी हूं। फ़िलहाल इतना ही बता सकती हूं कि इस फिल्म के दो हीरो हैं- एक फ़रहान, दूसरी मैं। इसकी कहानी सुनने के तुरंत बाद मैंने सुधीर जी से कह दिया था कि मैं यह फिल्म करूंगी।
* अभी हाल में सलमान के शो ‘दस का दम’ में आप उनके पेचीदा सवालों के जवाब देती नज़र आई!
- अरे, सल्लू का कोई जवाब नहीं। वह अक्सर मुझसे ऐसे मज़ाकिया सवाल पूछता रहता है। वह भी एक ऐसा ख़ान हीरो है, जो मेरे दिल के बहुत क़रीब है। हम जब भी मिलते हैं, आसपास के माहौल में एक उत्साह भर जाता है।
* चारों ख़ान हीरो के साथ आपकी ज़बर्दस्त ट्यूनिंग है!
- इनमें से एक ख़ान (सैफ़) को तो आप लिस्ट में एकदम अलग रखिए। वह मेरे लिए बहुत स्पेशल है। बाक़ी शाहरुख़ और सलमान के निराले स्वभाव से मैं शुरू से ही प्रभावित रही हूं। सलमान के साथ की मेरी फिल्म ‘मैं और मिसेज़ खन्ना’ जल्द रिलीज़ होगी। इसमें आपको हम दोनों की ज़बर्दस्त ट्यूनिंग साफ़ नज़र आएगी। बाक़ी रहे आमिर ख़ान, तो उनके साथ काम करने की मेरी इच्छा ‘थ्री इडियट्स’ में पूरी हो जाएगी।
* मगर इसकी मूल कहानी के मुताबिक तो आपके और आमिर के साथ वाले सीन न के बराबर होंगे!
- आप शायद मूल उपन्यास (फाइव पॉइंट सम वन) पढ़ कर ऐसा पूछ रहे हैं। फिल्म की स्क्रिप्ट में मेरे कैरेक्टर को थोड़ा-सा चेंज किया गया है।
* अपनी पर्सनल लाइफ़ को कैसे एंजॉय करना चाहती हैं?
- कैरियर और पर्सनल लाइफ़ को मैंने हमेशा अलग रखा है। कैरियर में मैंने कितना हासिल किया है, अभी इस बारे में मेरा ज्यादा बोलना ठीक नहीं होगा। सिर्फ़ इतना कहना चाहती हूं कि मैं फिल्मों से जब पूरी तरह से रिटायरमेंट ले लूं, तब तक मेरे पास ऐसी एक दर्जन फिल्में जमा हो जाएं, जिनमें अपने परफॉर्मेस को लेकर ख़ुद मुझे भी गर्व हो। अभी तो इस सूची में गिनी-चुनी फिल्में ही शामिल हुई हैं।