लारा दत्ता आजकल डिनो मोरिया के साथ अपने संबंधों में उतार-चढ़ाव को लेकर होने वाले सवालों से परेशान हैं। पार्टीबाज़ और आशिक़ मिज़ाज डिनो कितने दिनों तक लारा का साथ निभाएंगे, कहना मुश्किल है, पर लारा लगातार उन्हें अपने साथ बता रही हैं..
मंदी के इस दौर में अभिनेत्री लारा दत्ता अपनी शीघ्र रिलीज़ होने वाली फिल्म ‘ब्लू’ को लेकर काफी उत्साहित हैं। मगर किसी-न-किसी वजह से इस फिल्म का प्रदर्शन लगातार टल रहा है। पर्सनल लाइफ में लारा इन दिनों डिनो मोरिया के आत्मीय रंग में डूबी हुई हैं। हाल ही में पूर्व बॉयफ्रेंड केली दोरजी से हुई एक मुलाकात को बेहद औपचारिक बताते हुए उन्होंने इस बात को एक दम खारिज कर दिया कि डिनो से उनका मोह भंग हुआ है। ‘बंदा ये बिंदास है’ की डबिंग के दौरान हमने उनसे की बात:
* ‘ब्लू’ के अपने रोल को लेकर आप बहुत क्रेज़ी हैं!
- क्रेज़ी होना लाज़िमी है। पहली बार अपनी किसी फिल्म में मैंने ख़ूब एक्शन किया है। यह रोल एक ऐसी लड़की का है, जो बिना किसी भय के ख़तरों का सामना करती रहती है। निजी जीवन में मेरे स्वभाव से यह रोल काफी मेल खाता है। बचपन में मैं अपने स्कूल की दादा थी। मेरी दादागिरी की शिकायतें सुन कर मम्मी तंग आ जाती थीं।
* आपके एक्शन दृश्यों के बारे में कहा जा रहा है कि इनमें आपके डुप्लीकेट का काफी इस्तेमाल किया गया है!
- नो कमेंट्स! न जाने लोग कैसी झूठी बातों को ख़बरें बना देते हैं। सौ फ़ीसदी तो नहीं, मगर इसके 70 प्रतिशत चैलेंजिंग एक्शन सीन मैंने ख़ुद किए हैं।
* क्या इस मामले में आपके अनुभव मददगार रहे?
- यह सब स्कूल के दिनों के अनुभव का नतीजा है। उन दिनों मैं सारी इवेंट्स में हिस्सा लेती थी। पढ़ाई में मैं बहुत अच्छी नहीं थी, मगर खेलकूद में मेरा कोई जवाब नहीं था। उन दिनों मैं अपने आपको लड़का समझती थी। और मुझे ऐसा करना अच्छा लगता था।
* मगर एक्शन सीन में एक्टिंग की गुंजाइश बहुत कम रहती है..
- यह बात ठीक है। पर एक्शन का मतलब यह नहीं है कि पूरी फिल्म में मैं मार-धाड़ करती नज़र आऊंगी। बहुत सारे ऐसे एक्शन सीन होते हैं, जिनमें चेहरे के हाव-भाव ही काम आते हैं। जैसे कि ‘ब्लू’ में पानी के अंदर मेरे कई ऐसे सीन हैं, जिनमें मुझे बॉडी लैंग्वेज का सहारा लेना पड़ा है।
* ‘ब्लू’ में संजय दत्त, अक्षय कुमार जैसे हीरो के बीच आप अपनी कितनी जगह देखती हैं?
- यह किसी एक किरदार के इर्द-गिर्द घूमने वाली फिल्म नहीं है। फिलहाल इतना ही बता सकती हूं कि दूसरे अन्य एक्टर की तरह मैं भी इसमें अपना रोल प्ले कर रही हूं। अब यह तो पूरी तरह से मेरे परफॉर्मेस पर जाता है कि मैं दर्शकों का कितना ध्यान अपनी ओर खींच पाती हूं।
* अक्षय के विशेष आग्रह पर ‘ब्लू’ में कैटरीना का एक विशेष आइटम नंबर रखा गया है!- इतनी बड़ी फिल्म को ज्यादा-से ज्यादा आकर्षक और बिकाऊ बनाने के लिए इस तरह के प्रयोग तो करने ही चाहिए।
* आपकी अन्य फिल्मों का क्या हाल है?
- गोविंदा के साथ ‘बंदा ये बिंदास है’ और ‘डु नॉट डिस्टर्ब’ भी रिलीज़ के लिए तैयार है। दोनों ही में गोविंदा स्टाइल की टिपिकल कॉमेडी है।
* प्रियंका चोपड़ा और आपका फिल्मी कै रियर एक साथ शुरू हुआ था। उनसे आपकी तुलना किया जाना कैसा लगता है?
- यह तुलना संभव नहीं है। क्योंकि यह पूरी तरह से भाग्य और माक़े पर निर्भर होता है। मैं इसे लेकर अपने मन में कोई गिल्ट नहीं रखती हूं। जिस साल मैं ‘मिस यूनिवर्स’ (सन् 2000) बनी थी, प्रियंका ‘मिस वर्ल्ड’ बनी थी। आज उसके कैरियर ने जो शेप लिया है, उससे मैं बहुत ख़ुश हूं।
* आपके कुछ दोस्तों का कहना है कि आपके कैरियर में ठहराव की एक वजह केली दोरजी भी थे?- फिजूल की बात है। हमारे बीच भले ही अलगाव हो गया हो, पर केली आज भी मेरा अच्छा दोस्त है। जहां तक कैरियर का सवाल है, मैंने कहा न, यह कई बातों पर निर्भर करता है।
* इधर अभिनेता डिनो मोरिया के साथ भी आपके अलगाव की ख़बरें आ रही हैं?
- पिछले दिनों केली से एक फिल्मी फंक्शन में क्या मुलाकात हुई, दूसरे दिन से ही इस तरह की ख़बरें छपने लगीं। डिनो के साथ मेरा कोई मतभेद नहीं है। हम दोनों साथ-साथ हैं।
* एक ख़बर ऐसी आई थी कि डिनो की पार्टीबाज़ी की लत और डिज़ाइनर नंदिता महतानी के साथ उनके आत्मीय रिश्तों से चिढ़कर आप उनसे अलग हो गई हैं!
- ऐसी बेसिर-पैर की ख़बरों का मैं खंडन करती फिरूं, बजाय इसके मेरा चुप रहना ही बेहतर होगा। प्लीज़, अब इस बारे में और कोई सवाल मत पूछिए।