नई दिल्ली. दुनियाभर में स्वाइन फ्लू के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) पर इसे महामारी घोषित करने का दबाव बढ़ गया था। जिसके बाद डब्लूएचओ ने स्वाइन फ्लू के खिलाफ पांचवें दर्जे का अलर्ट जारी किया था लेकिन बाद में इसे महामारी घोषित कर दिया गया है। 1968 के बाद किसी बीमारी को वैश्विक महामारी घोषित करने का यह पहला मामला है।
दूसरी ओर, भारत में गुरुवार को स्वाइन फ्लू के दो और मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें एक मामला दिल्ली का है, जबकि गोवा में भी एक व्यक्ति को इस बीमारी के वायरस एच1एन1 से संक्रमित पाया गया है। इन्हें मिलाकर देश में स्वाइन फ्लू के शिकार लोगों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।
स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा सात मामले हैदराबाद के हैं, जबकि दिल्ली में पांच, कोयंबटूर में दो और गोवा में एक मामले की पुष्टि हुई है। नई दिल्ली में स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाई गई 41 वर्षीय महिला न्यूयॉर्क से आई थी। दिल्ली निवासी इस महिला को छह जून को यहां के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दाखिल कराया गया था।
उधर, गोवा के स्वास्थ्य सचिव संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार सुबह लंदन से आए एक व्यक्ति को एच1एन1 वायरस से संक्रमित पाया गया है। यह पणजी से 30 किलोमीटर दूर मरगाओ का रहने वाला है। गोवा में ही 21 वर्षीय एक अन्य महिला को स्वाइन फ्लू जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह महिला शारजाह से आई थी। अमृतसर के सिविल सर्जन लेहंबर सिंह ने बताया कि ब्यास क्षेत्र के विधायक मनजिंदर सिंह कांग को बुखार की शिकायत के बाद उनके सैंपल को जांच के लिए दिल्ली भेजा गया है। कांग हाल में ब्रिटेन यात्रा से लौटे हैं। चंडीगढ़ के पंचकुला इलाके में भी एक व्यक्ति को फ्लू जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल में दाखिल किया गया है। स्वाइन फ्लू कैपिटल का दर्जा पाने की कगार पर पहुंच रहे हैदराबाद में गुरुवार को चार संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इनमें छह वर्षीय एक बालिका भी शामिल है, जो अपने परिजनों के साथ छह जून को न्यूयॉर्क से लौटी है।
ऑस्ट्रेलिया में पांच मामले
ऑस्ट्रेलिया में पांच लोगों को एच1एन1 वायरस के संक्रमण के साथ अस्पताल में दाखिल कराया गया है। देश में इस बीमारी के अब तक 1263 मामले सामने आ चुके हैं। वहां की जूनियर इंडोर क्रिकेट टीम के चार सदस्यों को भी स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाया गया है।
संबंधित खबरें
* देश में लगातार पैर पसार रहा है स्वाइन फ्लू
* स्वाइन फ्लू का एक और संदिग्ध
* स्वाइन फ्लू का एक और संदिग्ध अस्पताल में भर्ती
* स्वाइन फ्लू के खिलाफ राज्यों में होगी मोर्चाबंदी
* दिल्ली में मिला स्वाइन फ्लू का पहला मरीज
* जयपुर में स्वाइन फ्लू का मरीज!
* स्वाइन फ्लू की दवाओं पर पाबंदी
* स्वाइन फ्लू के खिलाफ कारगर निकली तुलसी
* ‘स्वाइन फ्लू ’ का देसी इलाज ढूंढेंगे
* स्वाइन फीवर की दहशत