ओहियो यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने कहा है कि फल व सब्जियों का आकार जिस शारीरिक अंग से मेल खाता है वे उसको फायदा पहुंचाते हैं। सालों पहले ‘द डॉक्ट्रीन ऑफ सिग्नेचर्स’ में इस तथ्य को शामिल किया गया था। इस पर अब वैज्ञानिकों ने अपनी मुहर लगा दी है।
प्रकृति ने हर फल में पोषक पदार्र्थो के साथ ही कुछ अन्य खूबियां भी दी हैं। बरसों पहले ‘द डॉक्ट्रीन ऑफ सिग्नेचर्स’ पुस्तक में अपने अनुभवों को साझा करते हुए चिकित्सकों ने कहा था कि फलों के आकार और शारीरिक अंगों का सीधा संबंध है। आकार के आधार वाली इस थ्योरी पर अब ओहियो यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा है कि फल खाने वाले को इससे फायदा ही होता है। इस थ्योरी को टेलियोलॉजिकल न्यूट्रीशनल टारगेटिंग से भी जोड़ा जा रहा है।
प्याज से कोशिका की सफाई : शोधकर्ताओं के अनुसार प्याज का आकार मनुष्य की कोशिकाओं की तरह होता है। इसे खाने से कोशिकाओं से अशुद्ध पदार्र्थो का उत्सर्जन आसानी से होता है। प्याज के कारण आंसू भी आते हैं जिससे आंखों की सफाई हो जाती है।
अखरोट से होता है दिमाग तेज : अखरोट की आंतरिक बनावट मानव मस्तिष्क से काफी मिलती-जुलती है। इसे खाने से दिमाग तेज होता है। दांए और बांए हेमिस्फेयर, ऊपरी और निचले सेरेब्रम्स और नियो-कॉर्टेक्स का आकार अखरोट के अंदरूनी भाग जैसा होता है।
राजमा से होती है किडनी मजबूत : जड़ी-बूटी से इलाज करने वाले डॉक्टरों के मुताबिक राजमा जैसी फलीदार सब्जियां किडनी के लिए फायदेमंद होती हैं। उन्होंने कहा कि राजमा का आकार भी किडनी की तरह होता है।
दिल से जुड़ा है टमाटर : कटे हुए टमाटर को ध्यान से देखें तो यह आकार में मनुष्य के हृदय की तरह लगता है। शोधकर्ताओं के अनुसार टमाटर खाने से हृदय स्वस्थ रहता है और यह खून की अशुद्धियां दूर करता है। इससे रक्तवाहिकाओं को भी फायदा होता है।
अंगूर से खून साफ होता है : अंगूर का हर दाना खून की कोशिकाओं की तरह होता है। शोधकर्ताओं ने बताया है कि इसे खाने से खून, हृदय और शारीरिक गतिविधियों को शक्ति मिलती है।
गाजर से है आंख का संबंध : खाद्य पदार्थों में गाजर का संबंध मनुष्य की आंख से है। गाजर की स्लाइस का आकार भी आंख से मिलता-जुलता है। गाजर के सेवन से आंख, पुतली और आइरिस को फायदा होता है।