फिल्म समीक्षा: कल किसने देखा
निर्माता : वासु भगनानी
निर्देशन : विवेक शर्मा
कलाकार: जैकी भगनानी, वैशाली देसाई, ऋषि कपूर, रितेश देशमुख, अर्चना पूरन सिंह
गीत : समीर
संगीत : साजिद-वाजिद
युवा सपनों और सुनहरे भविष्य के बीच प्यार की चाशनी में पगी फिल्म कल किसने देखा ताजगी के साथ मनोरंजन का पुट लिए हुए है। सब पर छा जाने, कुछ नया कर जाने का सपना कॉलेज की दहलीज पर कदम रखने वाली हर आंख में होता है, ऐसी ही कुछ उमंग फिल्म के नायक निहाल (जैकी भगनानी) की भी है। नायक एक अनोखी ताकत रखता है, कल को देखने की ताकत। यही ताकत उसके लिए मुसीबत भी खड़ी करती है। प्यार-इकरार और तकरार के बीच यही सबकुछ निर्देशक विवेक शर्मा मनोरंजक अंदाज में फिल्माने में सफल रहे हैं। हालांकि वे पुरानी हिट फिल्मों का हिट फामरूला दोहराते नजर आए।
युवा नायक जब सपनों की नगरी मुंबई में पढ़ने के लिए आता है तो कभी रैंगिग का शिकार होता है तो कभी एक खूबसूरत सी बाला मीशा (वैशाली देसाई) के प्यार में खो जाता है। फिल्म में इस दार्शनिक प्रश्न कल क्या होगा के इर्द-गिर्द धूमती है। फिल्म का नायक अपनी कल को देखन की शक्ति की मदद से न केवल नायिका को बचाकर उसका दिल जीतता है बल्कि कई अनोखे काम करके सबका दुलारा भी बन जाता है।
फिल्म की कहानी है तो हॉलीवुड से प्रेरित हैं लेकिन इसका फिल्माकंन और प्रस्तुतिकरण में विवेक शर्मा सफल रहे हैं। बिग बी और शाहरुख के साथ बनाई गई फिल्म भूतनाथ के बाद कल किसने देखा के रूप में यह उनका दूसरा प्रयास है। इस फिल्म में युवा जोड़ी को उन्होंने बेहतर तरीके से पेश किया है। फिल्म का तकनीकी पक्ष बेहतर है और सिनेमैटोग्राफी भी बढ़िया है। गीत-संगीत इस फिल्म के सबसे बेहतर पक्ष है। निर्माता वासु भगनानी ने अपने बेटे को लांच करने के लिए सभी तरह के लटके-झटके आजमाने की कोशिश की है। उसी जरूरत के हिसाब से गानों की सिचुएशन रखी गई है। जैकी को पूरी तरह से ऋतिक की तर्ज पर लांच करने का प्रयास स्पष्ट दिखाई देता है। डांस में उन्हें अपना टेलेंट दिखाने का पूरा मौका दिया गया है। कुल मिलाकर पूरी फिल्म युवा वर्ग को नजर में रखकर बनाई गई है, उसी को पंसद आ सकती है। एक्टिंग के नाम पर नई जोड़ी ने भरपूर प्रयास किया है, लेकिन दोनों को अभी काफी सीखने की जरूरत है। राजपाल यादव जरूर काफी दिनों बाद हंसी की फुलझड़ी छोड़ने में कामयाब नजर आते हैं, ऋषि कपूर और अर्चना पूरन सिंह ने चरित्र भूमिका में बेहतर काम किया है।
बॉक्स ऑफिस की खिड़की पर हर शुक्रवार एक सुपर सितारा आता है और उम्मीदों के आसमान पर सपने सजाएं जैकी और वैशाली की जोड़ी भी दर्शक पर जादू जगाने का प्रयास कर रहें है। यह जादू कितना चलेगा यह तो आने वाला कल ही बताएगा। कुल मिलाकर यदि आप फिल्मों के प्रेमी हैं और लंबे समय से थियेटर में फिल्म देखने का इंतजार कर रहे थे तो लाइट मूड की इस फिल्म को देख सकते हैं।