डिनो अपना प्रोडक्शन हाउस खोलने जा रहे हैं। इसके बैनर तले बनने वाली फिल्म में वह स्वयं तो अभिनय करेंगे, लेकिन उसमें लारा दत्ता नहीं होंगी। यह तब है जब इनके संबंधों को लेकर इंडस्ट्री समेत मीडिया में तमाम चर्चाएं चल रही हैं।
डिनो मोरिया जल्द ही अपनी फिल्म शुरू करने जा रहे हैं, लेकिन यह बात जोर देकर कहते हैं कि इसमें लारा दत्ता नहीं होंगी। इस संदर्भ में वह कहते हैं, ‘मैं जल्द ही अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू करने की सोच रहा हूं। मैं अपने बैनर के तहत बनने वाली फिल्म में खुद तो अभिनय करूंगा, लेकिन लारा निश्चित तौर पर इसका हिस्सा नहीं रहेंगी।’
गौरतलब है कि डिनो फिल्म पर तो बेबाकी से बोलते हैं, लेकिन लारा के साथ अपने संबंधों पर मुंह सिल लेते हैं। आप लारा को लेकर अगर उन पर ज्यादा जोर डालते हैं, तो उनका कहना होता है, ‘मैं आपको उस बात के बारे में कैसे बता सकता हूं, जिसे मैं खुद नहीं जानता। सिर्फ यही कह सकता हूं कि मैं इस सिलसिले में कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता। महत्वपूर्ण बात तो यह है कि जब मैंने इस तरह की चर्चा को हवा नहीं दी है, तो यह मेरी जिम्मेदारी नहीं है कि मैं उसे खत्म करने की कोशिश करूं।’
वह बेबाकी से यह भी स्वीकार करते हैं कि संजय गुप्ता की फिल्म ‘एसिड फैक्टरी’ के अलावा उनके पास चर्चा लायक बॉलीवुड की कोई फिल्म नहीं है। वह कहते हैं, ‘कुछ अन्य फिल्मों में संक्षिप्त भूमिकाएं कर रहा हूं, लेकिन मेरे पास इस संदर्भ में बात करने के लिए कुछ ज्यादा नहीं है।’ हालांकि वह यह नहीं मानते हैं कि बॉलीवुड में उनका कॅरियर खत्म हो चुका है। वह बताते हैं, ‘मैंने अब चुनिंदा फिल्में करने की ही सोची है। अब कुछ भी चलेगा वाला रवैया नहीं चलेगा।
फिल्म करने के लिए कोई भी फिल्म करने वाला रवैया छोड़ने का वक्त आ गया है। आखिरकार इससे मेरी अपनी ही छवि प्रभावित हो रही है।’ एक बात यह भी पता चली है कि डिनो के भाई सेंटिनो करण जौहर के सहायक बतौर काम कर रहे हैं। इस बारे में वह बताते हैं, ‘मुझे बहुत खुशी है कि वह करण जौहर के साथ जुड़ गया है। आप कह सकते हैं कि इंडस्ट्री में अब मेरा भी कोई अपना है।’