फिल्म ‘तुम मिले’ की शूटिंग सोहा अली और इमरान हाशमी के लिए दुर्घटनाओं का सबब बन कर आई। पहली घटना में उनके सिर पर सेट गिर गया और दूसरी में उनके सिर कार से जा टकराए।
एक के बाद एक पेश आई दुर्घटनाओं ने सोहा अली खान और इमरान हाशमी को हिला कर रख दिया है। वह तो उनकी किस्मत अच्छी रही कि वे मामूली बच कर निकल आए। इन हादसों का सबब बनी फिल्म ‘तुम मिले’ की शूटिंग। पहली बार तो उनके सिर पर पूरा का पूरा सेट ही गिर गया, जबकि दूसरी घटना में तेज पानी के बहाव से उनके सिर खड़ी कार से जा टकराए। इन घटनाओं में उनके कंधों और सिर पर चोटें आई हैं।
घटना को याद करते हुए सोहा बताती हैं, ‘हम एक बार नहीं, बल्कि दो-दो बार फिल्म के सेट पर बुरी तरह से चोटिल हुए। यह फिल्म वर्ष 2005 में मुंबई में आई बाढ़ पर केंद्रित है, अत: उस समय का प्रभाव पैदा करने के लिए सेट पर कृत्रिम बाढ़ का दृश्य रचा गया, जिसके लिए गैलनों पानी इस्तेमाल में लाया गया और उसी में हमें फंसे दिखाना था।
लेकिन एकत्र पानी का दबाव हमें तेजी से बहा ले गया और हमारे सिर शॉट में सजीवता लाने के लिए सेट पर खड़ी कार से जा टकराए। मेरे कंधे पर चोट आ गई, जबकि इमरान के सिर में भी चोट लग गई। हमारे सिर और कंधे से खून निकल रहा था, जिसे देख डॉक्टर को बुलाना पड़ा और शूटिंग अलग रद्द करनी पड़ी।’