मुंबई. नौकरानी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार बॉलीवुड अभिनेता शाइनी आहूजा को अंधेरी कोर्ट ने सोमवार को 18 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। उधर, दुष्कर्म का आरोप नकारते हुए शाइनी ने कहा है कि उसने अपनी नौकरानी (18) की रजामंदी से ही शारीरिक संबंध स्थापित किया था। शाइनी ने ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ और ‘गैंगस्टर’ जैसी फिल्मों से खासी शोहरत हासिल की है।
अंधेरी (प.) स्थित ओशिवरा पुलिस स्टेशन में शाइनी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (दुष्कर्म), 339 (गैरकानूनी ढंग से रोकना) और 506 (जान से मारने की धमकी देना) के तहत मामला दर्ज कराया गया है। शिकायतकर्ता नौकरानी का आरोप है कि रविवार दोपहर 3 से 5 बजे के बीच आहूजा ने अपनी पत्नी की गैरमौजूदगी में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने रविवार रात ही शाइनी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था। नौकरानी का बयान दर्ज कराना अभी बाकी है। हालांकि शाइनी व नौकरानी के कपड़ों को जब्त कर फोंरेसिक परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
कोर्ट में पेशी के दौरान सरकारी वकील एसएस कस्तूरे ने यह कहते हुए शाइनी को पुलिस हिरासत में भेजने की मांग की कि वह बॉलीवुड की नामी शख्सियत है और मामले की जांच पर असर डाल सकता है। जबकि आहूजा के वकील श्रीकांत शिवड़े ने पुलिस हिरासत को गैरजरूरी बताते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग, जिसे कोर्ट ने नामंजूर कर दिया।
शाइनी ने रविवार रात ही नौकरानी की सहमति से शारीरिक संबंध की बात स्वीकार कर ली थी। सोमवार को मेडिकल रिपोर्ट में नौकरानी से दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद शाइनी को आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर अंधेरी कोर्ट में पेश किया गया। पीली टी शर्ट और जींस पहने शाइनी ने कोर्ट में एक बार भी सिर उठाकर किसी को नहीं देखा। कोर्ट द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस से कोई शिकायत नहीं है।
संबंधित खबरें
* बतौर एक्टर शाइनी की फिल्में
* शाइनी की चालू मूवी