- स्मिथ की कलम से
भारत के विरूद्ध सुपर 8 का हमारा अंतिम मुकाबला महज औपचारिकता है लेकिन हम इसको पूरी गंभीरता से लेंगे व जीतने की पूरी कोशिश करेंगे। जीत से सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए हमारे आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। हम कैलिस को विश्राम करने देंगे क्योंकि उसकी पीठ में थोड़ी तकलीफ है।
भारत के पास प्रतिभा की कमी नहीं है। मैं महसूस करता हूं कि भारतीय टीम का घरेलू पिचों पर प्रदर्शन तो बहुत बढ़िया रहता है, लेकिन दूसरे देशों में उनका प्रदर्शन लगातार एक समान नहीं रहता। सहवाग के नहीं होने से भारतीय प्रदर्शन प्रभावित हुआ। टी-20 मुकाबले के संक्षिप्त फार्मेट का तात्पर्य है कि हर मैच महत्वपूर्ण है तथा सुपर 8 मुकाबले एक तरह से नॉक ऑउट ही साबित हुए।
मुझे लगता है कि रवींद्र जड़ेजा, जिसने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था, को टीम में शामिल करना फायदेमंद साबित नहीं हुआ। इसमें कोई शक नहीं कि जड़ेजा बहुत प्रतिभावान खिलाड़ी है, लेकिन अभी उसमें अनुभव की कमी है। (गेम प्लान)