- कैलिस की कलम से
इंग्लैंड से भारत का हारना और टूर्नामेंट से बाहर हो जाना हम सभी के लिए अप्रत्याशित और निराशाजनक घटना थी। टूर्नामेंट की पूरी तैयारी के दौरान हम लगातार भारत से मुकाबला करने की रणनीति बना रहे थे।
किसी ने नहीं सोचा था कि इंग्लैंड हम से आगे हो जायेगा। कभी-कभी संक्षिप्त फॉर्मेट वाले खेल में सबसे अच्छी टीमें खराब प्रदर्शन कर बैठती हैं। सहवाग के जाने से ऊपरी क्रम की बल्लेबाजी को ठेस लगी। कई भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड की परिस्थितियों के अभ्यस्त नहीं थे। इधर युवा गेंदबाज पार्नेल की गेंदबाजी की काफी तारीफ हो रही है। महज 19 वर्ष का यह खिलाड़ी असाधारण रूप से प्रतिभावान है। ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ी कभी - कभी ही सामने आते हैं।
पार्नेल बेहद शांत स्वभाव का युवक है। वह चुनौतियों का सामना करने से घबराता नहीं है। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज में जो भी सेमीफाइनल तक पहुंचेगा वह अन्य टीमों के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है क्योंकि वह पूरी तरह से दबाव मुक्त हो कर खेलगा। रविवार को फाइनल तक कुछ भी हो सकता है।