आजकल पूरे देश में शाइनी आहूजा का मामला छाया हुआ है। लेकिन लोगों के सामने यह प्रश्न बार-बार आता है कि आखिर क्यों इतने बड़े कलाकारों पर इस तरह के आरोप लगते ही बॉलीवुड में खलबली मच जाती है।पुलिस के अनुसार शाइनी ने माना है कि उन्होंने लड़की के साथ उसकी सहमति से शारीरिक संबंध बनाए वहीं लड़की के अनुसार शाइनी ने उसके साथ जबरदस्ती की। भास्कर.कॉम इस मामले से जुड़े कुछ पहलू को आपके सामने लाने की कोशिश कर रहा है।
क्या था मामला
14 जून 2009 रविवार शाइनी के जीवन में भूचाल लाने वाला रहा। उनके घर काम करने वाली एक लड़की ने शाइनी पर उसके साथ रेप करने का आरोप लगाया। मुंबई पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बाद शाइनी को गिरफ्तार कर लिया।
लड़की ने शाइनी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। इसके बाद उन्हें पहले 3 दिनों की पुलिस हिरासत में और उसके बाद 2 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं अब महिला आयोग की अध्यक्षा गिरिजा व्यास ने उस लड़की और शाइनी से मुलाकात की और मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की बात भी कही है। और महाराष्ट्र सरकार ने भी इस पर अपनी सहमति दे दी है। 
क्या है नौकरानी का कहना
शाइनी के घर काम करने वाली नौकरानी ने आरोप लगाते हुए कहा कि घटना वाले दिन शाइनी की पत्नी घर पर नहीं थीं और उस दिन शाइनी घर पर अकेले थे। जब वे काम करने उनके घर गई तब शाइनी ने उनसे पानी लाने को कहा।
जब वे पानी लेकर कमरे में दाखिल हुई तो शाइनी ने कमरे में तेज आवाज में म्यूजिक चालू कर दिया था। और फिर उनके साथ जबरदस्ती की और किसी से भी कुछ नहीं कहने को कहा। साथ ही किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
वहीं पहले तो शाइनी इन आरोपों से इंकार करते रहे लेकिन पुलिस के अनुसार उन्होंने लड़की के साथ कोई जबरदस्ती नहीं की है और उनके बीच जो कुछ भी हुआ है उसमें उस लड़की की सहमति भी थी। लेकिन पत्नी अनुपम पांडे आहूजा ने इन सारे आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि उनके पति को फंसाया जा रहा है।
हमेशा ही दिखाया है पति में भरोसा
शाइनी की पत्नी ने रिश्तों की शुरुआत के साथ में जैसा साहस और भरोसा दिखाया था वैसा ही भरोसा उन्होंने अपने पति पर रेप के इस आरोप के बाद भी दिखाया था। बिहार के व्यावसायिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली शाइनी की पत्नी अनुपम पांडे आहुजा ने उनका हर मोड़ पर साथ दिया है। जब शाइनी बॉलीवुड में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे तब अनु ही घर का सारा खर्च उठा रहीं थीं। 
शादी की शुरुआत से ही संघर्ष किया है
उनकी शादी में भी उन्हें संघर्ष करना पड़ा क्योंकि दोनों के परिवार वाले उनकी शादी को लेकर रजामंद नहीं थे। काफी मान मनौव्वल और संघर्ष के बाद दोनों के परिवार इस विवाह के लिए राजी हुए। अनु ने पति के लिए दिल्ली में अपना जमा जमाया कारोबार समेट लिया और एक पब्लिक रिलेशन कंपनी में काम करने लगीं।
अपना घर खरीदने की खातिर वे दो सालों तक न्यूयॉर्क में काम करती रहीं और मुंबई में अपना एक फलैट खरीद लिया।
ब्लैकमेल करने के लिए रची गई साजिश!
कई लोगों का मानना है कि शाइनी पर आरोप लगाने वाली लड़की पर भी शक किया जाना चाहिए क्योंकि पहले पुलिस को दिए गए बयान में उसने अपनी उम्र 18 वर्ष बताई थी जबकि सर्टिफिकेट में उसकी उम्र 20 वर्ष है। इसी तरह
जांच में पता चला कि लड़की का एक ब्वॉयफ्रेंड है जो कि जुआरी और नशेड़ी है। उसके उपर काफी कर्ज हो चुका है। ऐसे हालत में क्यों नहीं वो ही ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर शाइनी के खिलाफ कोई षड्यंत्र कर सकती, ताकि उसके जरिए शाइनी से पैसे ऐंठे जा सकें।
संक्षिप्त परिचय
देश की राजधानी नई दिल्ली में जन्म हुआ, फिर रांची के सेंट जेवियर्स स्कूल में पढ़ाई की और फिर वापस नई दिल्ली के धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में आगे की पढ़ाई की। कॉलेज की पढ़ाई दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज से 1996 में पूरी की। थियेटर के प्रति आकर्षण जागा और दिल्ली के बैरी जॉन्स एक्टिंग स्कूल में दाखिला ले लिया। कुछ दिनों के बाद वे किस्मत आजमाने मुंबई आ गए।
फिल्मों के लिए अनफिट माने गए
पहले शाइनी को बॉलीवुड के लायक नहीं माना गया। इसका कारण उनका गोरा रंग व आंखों का हरापन था। फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मॉडलिंग व विज्ञापन फिल्मों में काम किया। उसके बाद वे ब्रिटिश एशियन बैन्ड स्टीरियो नेशन के म्यूजिक वीडियो में नजर आए। 
पहली फिल्म से ही दिखाई प्रतिभा
फिर उन्हें सुधीर मिश्रा जी ने अपनी फिल्म हजारों ख्वाहिशें ऐसी में मौका दिया। इस फिल्म को वर्ष 2004 के दौरान कई फिल्म फेस्टिवल में सराहा गया और 2005 में यह सिनेमाघरों में रिलिज की गई। इसे वर्ष का सर्वश्रेष्ठ फिल्म माना गया। वर्ष 2006 में शाइनी को सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का फिल्मफेयर, स्क्रीन, आइफा, जी सिने और स्टारडस्ट अवार्ड मिला।
लेकिन शाइनी मेनस्ट्रीम सिनेमा में आए महेश भट्ट की फिल्म गैंगस्टर से जिसमें उनके काम की तारीफ हुई। उसके बाद उनकी आने वाली फिल्मों में फना, जिंदगी रॉक्स, वो लम्हे, लाइफ इन ए मैट्रो, भूलभुलैया, खोया खोया चांद, हाइजैक और हर पल रहे। उनकी आने वाली फिल्मों में क्लासमेट्स प्रमुख है।