न्यूयार्क. भारतीय मूल के दो सीईओ पेप्सिको की इंदिरा नूयी और एडॉब सिस्टम्स के सीईओ शांतनु नारायण के नाम अमेरिका के उन टॉप 25 सीईओ की सूची में शामिल किए गए है, जो विश्व स्तर पर खराब वित्तीय हालात के बावजूद अपनी कंपनियों को कामयाबी की राह पर लेकर गए।
अमेरिकी बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स द्वारा जारी ‘25 टॉप गन सीईओ’ नामक सूची में शांतनु नारायण को 16वें और नूयी को 17वें स्थान पर रखा गया है। नूयी के बारे में फोर्ब्स ने कहा है कि उनके पास दीर्घकालिक सही रणनीतिक दृष्टि है, जिसका उन्होंने बखूबी इस्तेमाल भी किया है। शांतनु के बारे में कहा गया है कि उन्हें इस बात की बेहतरीन समझ है कि कंपनी को आगे बढ़ाने के लिए कौन-सा कदम सबसे सही साबित होगा।
फोब्र्स ने बिजनेस सॉल्यूशन प्रोवाइडर ऑटोमेटिक डेटा प्रोसेस के सीईओ गैरी सी बटलर को इस सूची में पहले स्थान पर रखा है। फोर्ब्स ने बटलर के बारे में कहा है कि वह मंझे हुए रणनीतिक योजनाकार हैं और उन्हें फैसलों को लागू करना आता है।