लंदन. पॉप किंग माइकल जैक्सन की मृत्यु के संबंध में पुलिस उस डॉक्टर की तलाश कर रही है, जिस पर उन्हें पेन किलर का हैवी डोज देने का आरोप लगाया गया है। डेली मेल ने टीएमजेड.कॉम के हवाले से लिखा है कि जैक्सन के एक बेहद करीबी रिश्तेदार के मुताबिक माइकल को दिल का दौरा पड़ने से थोड़ी देर पहले ही डेमेरॉल नामक सिंथेटिक पेन किलर का इंजेक्शन दिया गया था। वैसे तो यह इंजेक्शन उन्हें रोजाना लगाया जा रहा था, लेकिन गुरुवार को इसके लगने के एक घंटे के भीतर ही सूचना मिली कि वे सांस ही नहीं ले पा रहे हैं। पुलिस के एक सूत्र ने वेबसाइट को बताया कि जैक्सन को उनके डॉक्टर ने ही यह इंजेक्शन लगाया था और तब से वह गायब है। डॉक्टर का नाम टोहम-टोहम बताया जा रहा है।