International
क्या करेंगे जैक्सन के बच्चे?
एजेंसी Saturday, June 27, 2009 01:50 [IST]  

न्यूयार्क. पॉप स्टार माइकल जैक्सन की मौत के बाद उनकी प्रॉपर्टी को लेकर विवाद छिड़ने की उम्मीद बढ़ गई है। जैक्सन अपने पीछे तीन बच्चे प्रिंस माइकल (12), पेरिस (11) और प्रिंस माइकल द्वितीय (7) छोड़ गए हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बच्चों की देखभाल कौन करेगा लेकिन जैक्सन के करीबियों की मानें तो उनकी पूर्व पत्नी डैबी रोव बच्चों की कस्टडी ले सकती हैं।

इसके अलावा जैक्सन की संपत्ति बारे भी कुछ तय नहीं हुआ है। भले ही उन्होंने बीटल्स बैंड के गायकों और एल्विस प्रैस्ले के बराबर कमाई की लेकिन पिछले कुछ समय से भारी कर्ज में थे। ऐसी संभावना है कि जैक्सन 6 करोड़ डॉलर के कर्ज तले दबे थे। इसे उतारने के लिए उन्होंने अगले महीने लंदन के ओ2 थियेटर में कमबैक टूअर की योजना भी बनाई थी। जैक्सन के बच्चे प्रिंस माइकल और पेरिस उनकी दूसरी पत्नी डैबी से हुए थे।

वर्ष 1999 में इनका तलाक हो गया और जैक्सन ने अकेले इनके पालन-पोषण की जिम्मेदारी संभाली। उस समय भी बच्चों की कस्टडी पर काफी विवाद हुए थे। जैक्सन की तीसरी संतान प्रिंस माइकल द्वितीय का जन्म 2002 में रहस्यमयी सरोगेट मदर से हुआ। प्रिंस माइकल द्वितीय (जिसे ब्लैंकेट भी कहा जाता है) को जन्म देने वाली महिला से जैक्सन कभी नहीं मिले। उसी साल जैक्सन ने मीडियाकर्मियों के सामने एक होटल की तीसरी मंजिल की बॉलकनी से ब्लैंकेट लटकाकर हंगामा खड़ा किया। हालांकि बाद में उन्होंने इस कृत्य के लिए माफी मांगी।

सार्वजनिक स्थलों पर मुंह पर कपड़ा पहनकर आने के आदी जैक्सन और विवादों का चोली-दामन का साथ था। उन पर कई बार ये आरोप लगे कि गोरी चमड़ी वाले बच्चे उनके नहीं हैं लेकिन उन्होंने हमेशा यही कहा कि ये बच्चे उनके ही हैं। 2003 में एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘मैंने ब्लैंकेट के लिए एक सरोगेट मदर का इस्तेमाल किया और उसे अपने स्पर्म सैल्स दिए।

पॉप किंग का अंतिम संघर्ष

जैक्सन गुरुवार रात लॉस एंजेलिस स्थित अपने आवास ‘बेल एयर मेंशन’ में अचेत हो गए। उन्हें स्थानीय यूसीएलए मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें होश में लाने का प्रयास किया, मगर नाकाम रहे। उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। असफल वैवाहिक जीवन

उन्होंने 1994 में महान गायक एल्विस प्रेसली की पुत्री लीजा मेरी से विवाह किया जो दो वर्ष से भी कम समय चला। 1997 में उन्होंने नर्स डेबी रोव से ब्याह रचाया, इस शादी से माइकल को दो संतानें हुईं-प्रिंस व पेरिस। 1999 में इस जोड़े का भी तलाक हो गया।

मृत्यु पर रहस्य का पर्दा

जैक्सन परिवार के वकील ने बताया कि उन्होंने पहले ही आशंका जताई थी कि डांस में लगी चोटों से उबरने के लिए माइकल जो दवाएं ले रहे हैं वे उनके लिए घातक सिद्ध हो सकती हैं। लोग भले ही जैक्सन की मौत के पीछे कारण हार्ट अटैक की आशंका जता रहे हैं, लेकिन उनकी मृत्यु का वास्तविक कारण अब भी स्पष्ट नहीं है। डॉक्टरों का कहना है कि इसके लिए टॉक्सीकोलॉजी परीक्षण की रिपोर्ट देखना जरूरी है, जिसमें कुछ हफ्ते लग सकते हैं। तब ही पता चल पाएगा की माइकल की मृत्यु ड्रग्स व शराब का सेवन करने, लगातार दवाएं खाने या किसी अन्य कारण से हुई है।



संबंधित खबरें
* जैक्सन को हैवी डोज देने वाला डॉक्टर गायब
* अलविदा जैक्सन : चांद पर चलने वाला सितारा सो गया
* पॉप किंग माइकल जैक्सन की हार्ट अटैक से मौत
* माइकल जैक्सन रहेंगे भूतों की गुफाओं के पास
* स्किन इंफैक्शन से पीड़ित हैं माइकल जैक्सन

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: