और गहराता जा रहा है जैक्सन की मौत पर रहस्य
एजेंसी Saturday, June 27, 2009 23:02 [IST]  

michael

लॉस एंजिलिस. पॉप स्टार माइकल जैक्सन की मौत के रहस्य की गुत्थी शव के पोस्टमार्टम के बाद भी नहीं सुलझ पाई है। इसकी प्रारंभिक रिपोर्ट में वैसे तो उनकी मौत के मामले में किसी गड़बड़ी की आशंका से इनकार किया गया है, लेकिन मृत्यु के असल कारण का पता कुछ अन्य जांचों के बाद ही चल सकेगा। जैक्सन का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस बीच परिवारवालों ने जैक्सन के शव का फिर से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।

चार से छह हफ्ते लगेंगे

लॉस एंजिलिस के कोरोनर कार्यालय के प्रवक्ता क्रैग हार्वी ने कहा कि पोस्टमार्टम में जैक्सन के शव पर किसी बाहरी चोट या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन टॉक्सिकोलॉजी और कुछ अन्य जांचों के बाद ही मौत का अंतिम कारण स्पष्ट हो सकेगा। इसमें चार से छह हफ्ते लगेंगे।

रोज आठ दवाएं लेते थे जैक्सन

माइकल जैक्सन अपने अंतिम दिनों में ऐसी करीब आठ दवाओं का ‘खतरनाक मिश्रण’ ले रहे थे, जिन्हें कभी भी एकसाथ नहीं लिया जाना चाहिए था। वे रोजाना तीन तरह की दर्द निवारक दवाएं लेते थे। इसके अलावा उन्हें कुछ अन्य दवाएं भी दी जा रही थीं।

‘द सन’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि जैक्सन को दर्द निवारक दवा डेमेरॉल के तीन इंजेक्शन दिए जाते थे। साथ ही दो अन्य दर्द निवारक दवाएं डिलाडिड और विकोडिन भी दी जा रही थीं। इनमें से किसी भी दवा को दूसरे के साथ नहीं लिया जाना चाहिए था।

इन तीन दर्द निवारक दवाओं के खतरनाक मिश्रण के अलावा जैक्सन कुछ अन्य दवाएं भी ले रहे थे, क्योंकि वे अगले महीने ब्रिटेन में प्रस्तावित अपने कमबैक कंसर्ट से पहले खुद को स्वस्थ करना चाहते थे। इतनी अधिक मात्रा में दवाएं किसी भी व्यक्ति के लिए हानिकारक हो सकती हैं। विशेषकर 5 फीट 11 इंच की ऊंचाई और बेहद कम वजन वाले जैक्सन के लिए, जिनका स्वास्थ्य लंबे समय से चिंता का विषय बना हुआ था।

अज्ञात जगह ले गए शव

करीब तीन घंटे तक चले पोस्टमार्टम के बाद जैक्सन का शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है। परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने इस बात को गुप्त रखा है। अंतिम संस्कार का कार्यक्रम भी फिलहाल तय नहीं है।

डॉक्टर से पूछताछ

पुलिस जैक्सन के घर में अंतिम समय पर मौजूद रहे हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर कोनरैड मरे से पूछताछ करेगी। डॉ. मरे ने ही कथित तौर पर गुरुवार को जैक्सन के घर पर पैरामेडिकल टीम पहुंचने से पहले उन्हें सीपीआर नामक दवा दी थी। इसके बाद जैक्सन को रोनाल्ड रीगन यूसीएलए मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ताओं ने डॉ. मरे से थोड़ी बहुत बातचीत की है, लेकिन वे उनसे विस्तार से पूछताछ करना चाहते हैं।

जैक्सन को था हत्या का डर ?

माइकल जैक्सन कथित तौर पर अपने ऊपर बढ़ते कर्ज से चिंतित थे और वे जुलाई में लंदन में प्रस्तावित अपने कमबैक टूर को लेकर भी खौफजदा थे। ‘द सन’ ऑनलाइन के मुताबिक, जैक्सन अपने स्टाफ से कहते थे, ‘अगर मैंने लंदन में शो नहीं किए तो वे मुझे मार देंगे।’ हालांकि एक अन्य सूत्र ने कहा कि कोई भी यह नहीं समझ पाया कि वे किसके बारे में बात कर रहे थे। रिपोर्ट में कहा गया कि अंतिम दिनों में जैक्सन की दिमागी हालत बिगड़ने लगी थी। उनकी दवाओं पर निर्भरता भी बढ़ गई थी।

बच्चों का जिम्मा जैक्सन की मां को

जैक्सन के तीन बच्चों के देखरेख की जिम्मेदारी उनकी मां कैथरीन को सौंपी गई है। दिवंगत पॉप स्टार अपने पीछे तीन बच्चे माइकल जोसेफ जैक्सन जूनियर (12), माइकल कैथरीन जैक्सन (11) और माइकल जैक्सन द्वितीय को छोड़ गए हैं।

संगीतमय श्रृद्धांजलि

ऑस्ट्रेलिया की गायिका गैब्रियला किलमी ने ब्रिटेन में ग्लैस्टनबरी महोत्सव के दौरान सैंकड़ों प्रशंसकों की मौजूदगी में जैक्सन को संगीतमयी श्रद्धांजलि अर्पित की। 17 वर्षीय गायिका ने अपने गाने ‘स्वीट अबाउट मी’ के बीच जैक्सन के गाने ‘बिली जीन’ की कुछ पंक्तियां गरई।

ओबामा ने जताया शोक

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने जैक्सन की मौत पर शोक जताते हुए उन्हें एक शानदार कलाकार बताया।

हमशक्ल ने काटी कलाई

रूस में रहने वाले जैक्सन के एक हमशक्ल ने अपने चहेते पॉप स्टार की मौत की खबर के बाद कलाई काटकर खुदकुशी करने की कोशिश की। हालांकि डॉक्टरों ने उसे बचा लिया। पावेल तलालायेव ने कहा कि वह जैक्सन की मौत को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था।

आखिर किसने बुलाई जैक्सन के लिए मदद?

जैक्सन की मौत के रहस्य के साथ यह गुत्थी भी अभी तक सुलझ नहीं सकी है कि उनके निवास से गुरुवार को आखिरी बार मदद के लिए एंबुलेंस किसने बुलाई थी। दोपहर 12:21 बजे (भारतीय समयानुसार रात 12:51) अमेरिका की आपात सहायता सेवा 911 को फोन कर मदद मांगने वाले ने अपना नाम नहीं बताया था। जांच अधिकारी फिलहाल फोन करने वाले और मददकर्ताओं के बीच के संवाद टेप की जांच कर रहे हैं।



संबंधित खबरें
* रहस्य में घिरा रहा माइकल जैक्सन का व्यक्तित्व
* जैक्सन का यादगार भारत दौरा
* जैक्सन का शव परिवार को सौंपा गया
* .... तो क्या मॉरफीन के कारण हुई जैक्सन की मौत ?
* सोनाली बेंद्रे ने उतारी थी माइकल जैक्सन की आरती
* क्या करेंगे जैक्सन के बच्चे?
* जैक्सन को हैवी डोज देने वाला डॉक्टर गायब
* अलविदा जैक्सन : चांद पर चलने वाला सितारा सो गया
* पॉप किंग माइकल जैक्सन की हार्ट अटैक से मौत
* मास्क से बाहर आए माइकल के बच्चे

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: