कोलकाता. एसबीआई, यूनियन बैंक के बाद अब सार्वजनिक क्षेत्र के एक और कर्जदाता इलाहाबाद बैंक के होम, कार और कॉपरेरेट लोन सस्ते हो जाएंगे। इलाहाबाद बैंक ने शनिवार को अपनी बेंचमार्क लैंडिंग रेट (बीपीएलआर) में चौथाई फीसदी की कमी करने की घोषणा की है। नई दर एक जुलाई से प्रभावी होगी।
बैंक के जारी बयान में कहा गया है कि अब उसकी बीपीएलआर 12.25 फीसदी से चौथाई फीसदी घटकर 12 फीसदी होगी। बीपीएलआर वह दर होती है जिस पर बैंक अपने सबसे अच्छे ग्राहकों को ऋण उपलब्ध कराते हैं। गौरतलब है कि भारतीय स्टेट बैंक ने इसी बुधवार अपनी बीपीएलआर 12.25 फीसदी से घटाकर 11.75 फीसदी कर दी थी। साथ ही यूनियन बैंक ने भी अपनी बीपीएलआर में चौथाई फीसदी कमी करने का एलान किया था।