कंधे की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाने के कारण शाहरुख खान ने जबरदस्त एक्शन से भरपूर फिल्म ‘आरए 1’ की शूटिंग अगले वर्ष तक टाल दी है। अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में एसआरके को कई खतरनाक एक्शन दृश्य अंजाम देने होंगे, अत: उन्होंने सतर्कता बरतते हुए इससे पहले फरहा खान की ‘हैप्पी न्यू ईयर’ करने की सोची है।
शाहरुख खान अब अपने स्वास्थ्य को लेकर किसी तरह का समझौता करने को तैयार नहीं है। यही वजह है कि उन्होंने अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘आरए 1’ की शूटिंग को अगले वर्ष तक के लिए स्थगित कर दिया है।
वह अपने कंधे की चोट से अभी तक पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं, जबकि इस फिल्म में उन्हें कुछ खतरनाक एक्शन दृश्य देने पड़ सकते हैं। इस कारण कोई जोखिम नहीं लेते हुए उन्होंने सतर्कता बरतना ही उचित समझा है।
एक सूत्र के मुताबिक, ‘फिल्म ‘दूल्हा मिल गया’ की शूटिंग करते हुए वह अपने कंधे को चोटिल कर बैठे थे। यहां तक कि उसका ऑपरेशन कराने तक की नौबत आ गई थी। इससे उबरने के बाद वह करण जौहर की फिल्म ‘माय नेम इज खान’ की शूटिंग में व्यस्त हो गए हैं।
अमेरिका में इसी फिल्म की शूटिंग करते हुए उन्हें एक बार फिर कंधे में दर्द का अनुभव हुआ, तो उन्होंने डॉक्टर से चेकअप कराया। इसके बाद पता चला कि उनका कंधा अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है। यह जानने के बाद शाहरुख को लगा कि फिल्म ‘आरए 1’ की शूटिंग के लिए यह मुफीद समय नहीं है। नतीजतन उन्होंने फरहा खान की फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’ की शूटिंग करने की ठानी है। इस तरह धमाकेदार एक्शन से भरपूर फिल्म ‘आर ए 1’ की शूटिंग अगले वर्ष के मध्य से ही शुरू हो पाएगी।’
गौरतलब है कि यह दूसरी बार है जब ‘आरए 1’ की शूटिंग टली है। फिल्म को पहले इसी वर्ष फरवरी से फ्लोर पर जाना था, जिसे सितंबर तक टाला गया। इस लिहाज से अब इसे फिर से अगले वर्ष तक के लिए टाल दिया गया है।
फिल्म से जुड़े सूत्र के मुताबिक इसमें बांड श्रंखला की फिल्मों सरीखा एक्शन देखने को मिलेगा। शाहरुख खान की इस फिल्म के प्रति दिलचस्पी और उत्सुकता को इससे समझा जा सकता है कि उन्होंने ही फिल्म को शीर्षक दिया है।