पिछले दिनों चर्चा थी कि इमरान खान ने अपनी एक फिल्म के निर्देशक को सुझाव देकर स्क्रिप्ट में फेरबदल कराया, जिसके कारण कैटरीना कैफ का रोल छोटा हो गया। अब चर्चा है कि उन्होंने सलमान खान के शो ‘दस का दम’ में हिस्सा लेने से इंकार कर दिया है, जबकि फिल्म ‘लक’ के बाकी प्रमुख कलाकार इसमें हिस्सा लेंगे।
इन दिनों इंडस्ट्री में जब फिल्मों के प्रमोशन के लिए नए से नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, तब इमरान खान अपनी ही रौ में चल रहे हैं। गौरतलब है कि इन दिनों किसी नई फिल्म के प्रदर्शन के वक्त उसके कलाकार छोटे परदे के लोकप्रिय कार्यक्रम में शिरकत कर अपनी फिल्म का प्रचार करते हैं।
इससे एक तरह से दोनों ही को फायदा होता है। इससे जहां टीवी कार्यक्रम को चर्चा मिलती है, वहीं फिल्म को प्रचार का एक मंच मिल जाता है। इस क्रम में पिछले ही दिनों कैटरीना कैफ और नील नितिन मुकेश अपनी नई फिल्म ‘न्यूयॉर्क’ का प्रचार करने के लिए सलमान खान के शो ‘दस का दम’ में दिखाई पड़े। बताते हैं कि इस कड़ी में अगली बारी ‘लक’ फिल्म की है, जिसके कलाकारों को इस शो में आना था।
ताते हैं कि ऐन वक्त पर इमरान खान ने शो में भाग लेने से मना कर दिया। फिल्म से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, ‘फिल्म ‘लक’ के कलाकारों क्रमश: संजय दत्त, इमरान खान और श्रुति हसन को ‘दस का दम’ में आना था। पहले पहल तो सभी कलाकार तैयार थे, लेकिन ऐन मौके पर इमरान ने इंकार कर दिया।
इसकी वजह उन्होंने स्पष्ट नहीं की, लेकिन माना जा रहा है कि छोटे परदे का शो होने के कारण उन्होंने ऐसा किया। जाहिर सी बात है कि अब संजय और श्रुति ही इस शो में हिस्सा लेंगे।’ इस बात के आम होने के बाद इंडस्ट्री में इमरान के तेवरों की ही चर्चा है। एक बड़े वर्ग का मानना है कि आमिर खान के भतीजे होने का दंभ उनपर सवार हो रहा है।
इस फेर में वह जितने नखरे दिखा रहे हैं, उसके हकदार बनने में उन्हें अभी काफी वक्त लगेगा। गौरतलब है कि पिछले दिनों चर्चा थी कि उन्होंने अपनी एक फिल्म की स्क्रिप्ट में बदलाव करवा कर कैटरीना का रोल कम करा दिया है। यही नहीं, वह निर्देशक के काम में भी हस्तक्षेप करने लगे हैं।